Bhopal News: कलयुगी मामा बना हैवान, 3 साल की मासूम भांजी की ली जान, जहांगीराबाद पुलिस कर रही जांच
Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक ने अपनी सगी भांजी की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक बच्ची की पहचान रूमेसा (3) के रूप में की गई है।
घटना आम वाली मस्जिद के पास हुई, जहां आरोपी फरज़ नामक युवक ने अपनी भांजी का गला काटा। यह घटना तब घटी जब रूमेसा अपनी मां के साथ नानी के घर गई थी।

सूत्रों के अनुसार, बच्ची ने अपने मामा से चीज़ के लिए ज़िद की, जिससे तंग आकर फरज ने हिंसा की और रूमेसा का गला काट दिया। घटना के बाद, बच्ची की मां और परिवारवाले उसे अस्पताल ले गए, लेकिन रूमेसा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
जहांगीराबाद पुलिस ने सूचना मिलने पर तुरंत घटना स्थल पर पहुंचकर लाश का पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया।
मृतक के पिता का आरोप
रूमेसा के पिता अम्मार उस्मानी ने आरोप लगाया है कि फरज़, जो कि बी.एस.सी. पास है और सैमसंग कंपनी में कार्यरत था, ने जानबूझकर यह अपराध किया। अम्मार ने बताया कि कुछ समय पहले जब उनका परिवार फार्महाउस गया था, फरज़ ने उनके 7 वर्षीय बेटे को स्विमिंग पूल में धकेल दिया था, जिससे उनके बेटे को चोट लगी थी। अम्मार का कहना है कि इस घटना के बाद उनके और फरज़ के बीच झगड़ा हुआ था, लेकिन घरवालों की समझाइश के बाद उन्होंने रिपोर्ट नहीं की थी।
अम्मार ने कहा, "मेरे साले फरज़ को मानसिक रोगी बताना गलत है। यदि वह मानसिक रोगी होता, तो बी.एस.सी. कैसे कर लेता और सैमसंग जैसी कंपनी में नौकरी कैसे कर सकता था? यह सब उसके बचाव के लिए ससुराल वालों की चाल है। जब मैं अपने परिवार को लेने ससुराल गया था, मुझे भी कमरे में बंद कर दिया गया और बताया गया कि रूमेसा को चोट लगी है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।"
पुलिस का बयान
जहांगीराबाद थाना प्रभारी ने पुष्टि की कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामला भोपाल की पुलिस के लिए एक चुनौती बन गया है, क्योंकि यह घटना न केवल एक परिवार के लिए बल्कि पूरे समुदाय के लिए शॉकिंग साबित हुई है।












Click it and Unblock the Notifications