Kisan Vijay Rath Yatra MP : कमलनाथ सरकार का विजय रथ 23 से होगा रवाना, 41 दिन रहेगा किसानों के बीच
Bhopal News, भोपाल। एक महीना पूरा कर चुकी मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन में किसानों के हित में कर्ज माफी सहित कई जन हितैषी निर्णय लिए हैं। अब संगठन की जिम्मेदारी है कि इसका लाभ किसानों को मिले। इसी जिम्मेदारी को निभाने के लिए कांग्रेस किसान विजय रथयात्रा निकालने जा रही है।

किसान कांग्रेस द्वारा आयोजित इस रथ यात्रा की जानकारी देते हुए किसान कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने बताया कि किसान कर्ज माफी से लेकर 41 दिवसीय किसान विजय रथ यात्रा 23 जनवरी को भोपाल से शुरू होगी। इसका समापन 5 मार्च 2019 को नीमच जिले के मनासा में होगा। किसान विजय रथ यात्रा में राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं।
किसान विजय रथ यात्रा का शुभारंभ किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नाना पटोले, पीडब्लूडी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विधि और जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा एवं ग्रामीण पंचायत मंत्री कमलेश्वर पटेल के मुख्य आतिथि में 23 जनवरी को कांग्रेस कार्यालय पर होगा।
कांग्रेस इसलिए निकाली जा रही किसान विजय रथयात्रा
दिनेश गुर्जर ने बताया कि किसानों को कर्जमाफी में किसी तरह की परेशानी ना हो, इसलिए Kisan Viajy Rath Yatra निकाली जा रही है। इस रथ में ऋण माफी की जानकारी देने के साथ ही, कैसे इसका लाभ लिया जा सकता है, जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
बिचौलियों से सावधान करने के लिए यह भी पता किया जाएगा कि किसानों की कर्ज माफी की सूची बैंकों ने ग्राम पंचायत स्तर पर चस्पा की है या नहीं। ग्राम पंचायत स्तर पर ही किसानों की कर्ज माफी के फॉर्म भरे जा रहे हैं, ग्रामीण क्षेत्रों में प्रबुद्ध जनों से यह चर्चा कर सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान मंडियों में जाकर किसानों की समस्याओं के निराकरण का भी प्रयास किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications