पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया के बेटे सिद्धार्थ की BJP में वापसी, 5 मंडल अध्यक्षों को भी दिलाई गई सदस्यता
पूर्व वित्त मंत्री रहे जयंत मलैया के बेटे सिद्धार्थ मलैया की भाजपा में वापसी हो गई आज सुबह भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में उन्हें दोबारा पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।

MP BJP News: मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी में घर वापसी का दौर जारी है। पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया के बेटे सिद्धार्थ मलैया की आज भाजपा में वापसी हो गई। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव और प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा की उपस्थिति में सिद्धार्थ मलैया को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। उनके साथ ही पांच मंडल अध्यक्षों की भी बीजेपी में वापसी हुई है सिद्धार्थ ने अपनी वापसी पर कहा पार्टी का आभार है कि मुझे दोबारा मौका दिया है।
सिद्धार्थ मलैया को क्यो किया था निष्कासित
बता दे मध्य प्रदेश के दमोह में हुए 2021 विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह को 17000 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था और कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन चुनाव जीते थे। राहुल सिंह इस हार के लिए मलैया परिवार को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। इसके बाद भाजपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने को लेकर सिद्धार्थ मलैया को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। सिद्धार्थ के साथ पांच मंडल अध्यक्षों को भी पार्टी ने प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था। हालांकि पूर्व मंत्री और उनके बेटे सिद्धार्थ मलाइयाने प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा को इसका जवाब भी दिया था, लेकिन उनकी वापसी नहीं हो पाई थी।
अभी कुछ दिन पहले ही प्रीतम सिंह लोधी की घर वापसी होने के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि सिद्धार्थ मलैया की भी वापसी बहुत जल्द हो सकती है। बता दे नगर पालिका चुनाव के दौरान सिद्धार्थ ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद शहर के 31 वार्ड में उनके समर्थकों ने टीएसएम के बैनर तले चुनाव लड़ा था। जिसमें उनके पांच प्रत्याशी पार्षद पद का चुनाव भी जीते थे। इसके बाद से ही सिद्धार्थ की भाजपा में वापसी को लेकर प्रयास जारी थे।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो दमोह में भाजपा को लगातार हार का सामना करना पड़ा था। जिला पंचायत में भी भाजपा हार गई थी। इसके अलावा हटा नगर पालिका जहां पर भाजपा का कब्जा था, वहां भी कांग्रेस ने अपना कब्जा जमा लिया था। 2 दिन पहले प्रदेश भाजपा प्रभारी मुरलीधर राव दमोह आए थे और उन्होंने कहा था कि पुराने साथियों को वापस लाकर दमोह से 100% जीतेंगे और 51% वोट शेयर भी लेंगे। जिसके बाद आज सिद्धार्थ मलैया और 5 मंडल अध्यक्षों की बीजेपी में वापसी हुई है। सभी को पार्टी की संस्था दिलाई गई।












Click it and Unblock the Notifications