Bhopal: साली से अवैध संबंध के शक में साडू भाई ने ठेकेदार को रास्ते से हटाया, गांधीनगर पुलिस ने किया खुलासा
भोपाल के गांधीनगर इलाके में सेंटरिंग ठेकेदार की हत्या उसके साडू ने की थी। पीएम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

राजधानी भोपाल पुलिस ने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई सेंटरिंग ठेकेदार की मौत का 48 घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने बताया कि साली से अवैध संबंधों के शक में साडू भाई ने सेंटरिंग प्लेट के ठेकेदार की हत्या कर दी थी। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की, लेकिन शॉट पीएम की रिपोर्ट ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचा दिया।
क्या है पूरा मामला
गांधीनगर स्थित शांति नगर में नानी सास के घर पर सेंटरिंग प्लेट कारोबारी के सिर पर सोते समय कंबल के ऊपर से किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई थी। इस बात की पुष्टि पुलिस को मिली शॉर्ट पीएम रिपोर्ट से हुई। गांधी नगर थाना के प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि कटारा हिल्स के रहने वाला खूबीलाल अहिरवार सेंटरिंग प्लेट का ठेकेदार था। बुधवार को उसकी ससुराल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। परिजनों को शुरुआत में लग रहा था कि उसकी मौत ब्रेन हेमरेज से हुई है, लेकिन जब शॉर्ट पीएम की रिपोर्ट आई तो पुलिस ने जांच में खुलासा करते हुए आरोपी साडू भाई को गिरफ्तार कर लिया।
साली से था अवैध संबंध का शक
खूबीलाल के परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी मृतक खूबीलाल पर शक करता था उसे शक था कि उसकी पत्नी से खूबीलाल की दोस्ती है। वह पत्नी की वजह से आए रोज गांधीनगर आता है। इसी शक में उसने खूबीलाल को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 15 मार्च को उसने खूबीलाल को मार दिया।
घर के अंदर थी साली
पुलिस ने बताया कि घटना के समय आरोपी की पत्नी यानी मृतक की साली घर के अंदर ही थी। वह बच्ची को दूध पिला रही थी। इस समय उसे जमीन पर पत्थर पटकने की आवाज आई। उसने अपने पति से पूछा कि क्या हो गया, इस पर आरोपी अजय ने उसे बताया कि उसके हाथ से पत्थर फिसल कर गिर गया। हत्या के बाद अजय ने खूबी लाल को कपड़ों से ढक दिया था। इससे साली सोनू को पता ही नहीं चला कि आखिर क्या हुआ।
नशे का आदी था मृतक खूबीलाल
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक खूबीलाल शराब पीने का आदी था, इसलिए उन्हें लगा कि शराब के नशे में उसे ब्रेन हेमरेज हो गया होगा, इसलिए उसके नाक और मुंह से खून आ रहा है। उन्होंने उसे ले जाकर हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कैसे की थी हत्या
गांधीनगर थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि मृतक 15 मार्च की सुबह 6 बजे में अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए गांधीनगर लेकर पहुंचा था। बेटी को परीक्षा केंद्र में छोड़ने के बाद में शांति नगर में अपने साडू अजय अहिरवार के घर पर चला गया। इसके बाद वे साडू के घर में कंबल ओढ़ कर सो गया था। दोपहर करीब 12 बजे ने उसके सिर पर दो बार पत्थर पटक कर हत्या कर दी। इसके बाद चुपचाप काम करने निकल गया। शाम तक जब खूबी लाल नहीं उठा तो उसकी साली सोनू ने आवाज दी, लेकिन उसने कोई हरकत नहीं की। जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए।












Click it and Unblock the Notifications