मध्यप्रदेश में हल्दीराम समूह फूड पार्क करेगा विकसित, सीएम शिवराज ने दी जानकारी
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मध्यप्रदेश में हल्दीराम ग्रुप के द्वारा फूड पार्क विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार अपेक्षित सुविधाएं और सहायता प्रदान करेगी।
भोपाल 2 सितंबर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों तथा स्टार्टअप को सक्षम बनाने के प्रयासों में कोई कमी नहीं रहना चाहिए। युवाओं को रोजगार और स्व-रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास हों। मुख्यमंत्री चौहान मंत्रालय में एमएसएमई तथा स्टार्टअप को सक्षम बनाने के लिए विभिन्न संस्थाओं से एमओयू करने के लिए इंदौर में प्रस्तावित कार्यक्रम और हल्दीराम ग्रुप नागपुर के प्रस्तुतिकरण का अवलोकन कर रहे थे। सूक्ष्म,लघु और मध्यम उद्यम मंत्री, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में हल्दीराम ग्रुप के द्वारा फूड पार्क विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार अपेक्षित सुविधाएं और सहायता प्रदान करेगी। निर्मित उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा दिया जाएगा। मध्यप्रदेश में फर्नीचर क्लस्टर के लिए आइडियल लोकेशन है। इसके लिए हल्दीराम ग्रुप के साथ आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इंदौर में ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स, स्माल इण्डस्ट्रीज डेवलपमेंट, बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, एम-1 एक्सचेंज, योरस्टोरी, आईबीपीसी दुबई, एशोचाम, सीआईआई आदि संस्थाओं से एमओयू किया जाएगा। इससे एमएसएमई और स्टार्टअप को बढ़ावा मिलेगा।
भोपाल सहित अन्य जिलों में स्थापित किए गए इन्क्यूबेशन सेंटर्स
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विभाग के रीवा, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, इंदौर और भोपाल में इन्क्यूबेशन सेंटर्स स्थापित किए गए हैं। ऐसे पाठ्यक्रम का निर्माण किया जाए, जिससे विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रोजगार प्राप्त कर सकें। ये पाठ्यक्रम परिणाममूलक होने चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम तैयार करें, जिससे विद्यार्थियों को एक साथ प्लेसमेंट लेटर दे सकें। प्रदेश में 100 महाविद्यालयों में लगभग 200 स्मार्ट क्लास संचालित हो रही हैं और 10 संभागीय मुख्यालयों में डिजिटल स्टूडियो स्थापित किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications