ग्वालियर में 5500 युवाओं की पुलिस भर्ती की दौड़ शुरू, 14 मार्च तक चलेगी PPT परीक्षा — कड़े सुरक्षा इंतजाम
gwalior police recruitment। ग्वालियर की 14वीं बटालियन में सोमवार से नव आरक्षक भर्ती की शारीरिक प्रवीणता परीक्षा (पीपीटी) शुरू होने जा रही है, जिसे लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस परीक्षा में करीब 5500 युवा अभ्यर्थी शामिल होकर पुलिस में भर्ती होने का सपना पूरा करने की कोशिश करेंगे। 14वीं बटालियन के मैदान पर चलने वाली यह प्रक्रिया 14 मार्च तक जारी रहेगी और प्रतिदिन लगभग 400 उम्मीदवारों का परीक्षण किया जाएगा।

भर्ती प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता के तीन प्रमुख चरणों-दौड़, गोला फेंक और लंबी कूद-से गुजरना होगा। परीक्षा की निगरानी और संचालन के लिए एसएएफ के करीब 300 पुलिस जवान और अधिकारी तैनात किए गए हैं, जो निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण कराएंगे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मैदान में लगभग दो दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग हो सके और किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
यह भर्ती अभियान प्रदेश में नव आरक्षकों के करीब 7500 पदों को भरने के लिए आयोजित किया जा रहा है। लिखित परीक्षा के बाद अब शारीरिक प्रवीणता परीक्षा महत्वपूर्ण चरण है, जिसके आधार पर उम्मीदवारों की अंतिम पात्रता तय होगी। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए एक विशेष समिति गठित की गई है, जिसकी अध्यक्षता डीआईजी अमित सांघी कर रहे हैं। उनकी निगरानी में पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
परीक्षा से पहले रविवार को मैदान में टेंट, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और साफ-सफाई सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। अभ्यर्थियों के लिए चाय-पानी और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है। बटालियन के कमांडेंट संजीव सिंह ने तैयारियों का निरीक्षण कर अधिकारियों और जवानों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
रविवार को पीपीटी से एक दिन पहले रिहर्सल भी कराई गई, जिसमें अधिकारियों की मौजूदगी में एसएएफ के जवानों को उम्मीदवार बनाकर पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। इसका उद्देश्य परीक्षा के दौरान संभावित कमियों को पहले ही दूर करना था, ताकि वास्तविक परीक्षण के समय किसी तरह की बाधा न आए।
पीपीटी में अभ्यर्थियों को 800 मीटर की दौड़ निर्धारित समय में पूरी करनी होगी। इसके अलावा गोला फेंक और लंबी कूद में भी प्रदर्शन करना होगा, जिसमें प्रत्येक उम्मीदवार को तीन-तीन अवसर दिए जाएंगे। इन परीक्षणों के आधार पर उम्मीदवारों की शारीरिक क्षमता का आकलन किया जाएगा।
भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से अभ्यर्थी ग्वालियर पहुंच रहे हैं और मैदान के आसपास हलचल बढ़ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं, ताकि योग्य उम्मीदवारों का चयन सुनिश्चित किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications