महाकालेश्वर मंदिर में फिल्मी गाने पर वीडियो बनाना महिला को पड़ा भारी, पुजारियों की आपत्ति के बाद FIR दर्ज
उज्जैन के सुप्रसिद्ध महाकाल मंदिर में एक फिल्मी गाने पर वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट पर पोस्ट करना महिला को भारी पड़ गया। महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
भोपाल, 11 अक्टूबर। उज्जैन के सुप्रसिद्ध महाकाल मंदिर में एक फिल्मी गाने पर वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट पर पोस्ट करना महिला को भारी पड़ गया। महिला मनीषा रोशन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बता दें कि महाकाल मंदिर में एक महिला ने फिल्मी सॉन्ग 'रग रग में इस तरह...' गाने पर एक रील बनाई और उसे इंटरनेट पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद महाकाल मंदिर के पुजारियों ने इस वीडियो पर आपत्ति दर्ज की थी। पुजारियों द्वारा मनीषा रोशन के मंदिर में प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की गई थी। मामले के तूल पकड़ने पर मनीषा ने माफी भी मांगी थी, लेकिन आज महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

क्या था पूरा मामला
दरअसल सोशल मीडिया पर महाकालेश्वर मंदिर का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक महिला फिल्मी गाने पर डांस करती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो के वायरल होने के बाद मंदिर के पुजारियों ने इस वीडियो पर आपत्ति जताई। मंदिर के पुजारियों ने इस वीडियो को दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक बताकर ऐसे श्रद्धालुओं का प्रवेश मंदिर में हमेशा के लिए प्रतिबंधित करने की मांग की है। महिला महाकाल के ओमकारेश्वर मंदिर के खंभों के पास खड़ी होकर डांस करती दिखाई दे रही है।
यह भी पढ़ें: 20,000 करोड़ की ड्रग्स मिलने के बाद अडाणी पोर्ट का बड़ा फैसला, पाक, ईरान, अफगानिस्तान के कार्गो पर लगाई रोक
यह धर्म का अपमान
पुजारियों ने इसे धर्म का अपमान बताते हुए कहा कि शासन और प्रशासन द्वारा इस प्रकार धर्म का अपमान करने वाले वीडियो और फोटो पर कार्यवाही नहीं की जाती है, जिसके कारण धर्म के अस्तित्व के खत्म होने का खतरा उत्पन्न होता है। महाकाल मंदिर के वरिष्ठ पंडित महेश पुजारी ने कहा कि वीडियो घोर आपत्तिजनक है, इस तरह का प्रदर्शन करना बिल्कुल भी जायज नहीं है। बता दें कि उज्जैन का महालालेश्वर मंदिर भारत के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है। इस मंदिर की मान्यता इतनी है कि देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु प्रति वर्ष यहां दर्शन के लिए आते हैं।












Click it and Unblock the Notifications