इंडी गठबंधन के झूठ को बेनकाब करें पार्टी के कार्यकर्ता, शिवराज सिंह चौहान ने बीजेपी की बैठक में कही बड़ी बात
भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक रविवार को भोपाल के रविंद्र भवन सभागार में संपन्न हुई। पार्टी नेताओं ने दीप प्रज्जवलित कर एवं महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ बैठक का शुभारंभ किया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने जो चार जातियां बताई हैं, गरीब, युवा, किसान और महिलाएं, मध्यप्रदेश सरकार इन्हीं को ध्यान में रखकर काम कर रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि पहले विधानसभा और फिर लोकसभा चुनाव में मिली जीत सामूहिकता के साथ पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता द्वारा किए गए परिश्रम का नतीजा है। बैठक के विशिष्ट अतिथि एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि हमने 2023 और 2024 के चुनावों में प्रचंड जीत हासिल की है, लेकिन हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प की पूर्ति तक रुकना नहीं हैं।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस और इंडी गठबंधन गलत नैरेटिव सेट करने का प्रयास कर रहे हैं कि उन्होंने चुनाव में जीत हासिल की है। भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के इस झूठ को बेनकाब करना है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि लोकसभा चुनाव में जीत का जो इतिहास रचा है, उसे आगे भी बनाए रखें। भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का एक आदर्श संगठन कैसा होना चाहिए, वह मध्यप्रदेश के भाजपा संगठन से देखा जा सकता है।
प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कठोर परिश्रम किया और 100 प्रतिशत परिणाम दिया है। केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मिली जीत जनता की शक्ति और पार्टी के जांबाज कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है, मैं उन्हें नमन करता हूं। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस ने बीते चुनाव में जमकर दुष्प्रचार किया, लेकिन उसका दुष्प्रचार पराजित हुआ और भाजपा कार्यकर्ता जनता का भरोसा जीतने में सफल रहे। प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि कार्यकर्ता जिन बूथों पर हमें सफलता नहीं मिली है, उन्हें जीतने की कार्ययोजना बनाकर जुट जाएं। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया।
जनता की सेवा करने में सरकार की सहायता करें पार्टी कार्यकर्ताः डॉ मोहन यादव
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हमने पांचवीं बार मध्यप्रदेश में सरकार बनाई है। हमारा लक्ष्य अगले पांच सालों में प्रदेश के बजट को दोगुना करना है और इसकी शुरुआत भी हमने कर दी है। डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं और पार्टी कार्यकर्ता इन योजनाओं के माध्यम से जनता की सेवा करने में सरकार की सहायता करें।
उन्होंने कहा कि जब हम देखते हैं कि कोई व्यक्ति किसी अपने के शव को साइकिल पर ले जा रहा है, तो यह देखकर बहुत कष्ट होता है। हमारी सरकार ने इस बजट के माध्यम से यह प्रबंध कर दिया है कि ऐसी स्थितियां न बनें। इसके लिए एंबुलेंस या शव वाहन की व्यवस्था की गई है। हमारे कार्यकर्ता भी अपने आसपास निगाह रखें कि यह व्यवस्था ठीक से काम कर रही है या नहीं। कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हो रही? अगर हम सजग रहेंगे, तो ऐसी लापरवाही को रोक सकेंगे।
कांग्रेस हार के बाद भी जश्न मना रही- शिवराज
विस्तारित प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सफलता भाजपा और एनडीए गठबंधन को मिली है। कांग्रेस पार्टी इस लोकसभा चुनाव में 13 राज्यों में खाता नहीं खोल पाई है। इंडी गठबंधन इस चुनाव में पूरी तरह से हारा है, लेकिन कांग्रेस हार के बाद भी जश्न मना रही है। कांगेस देश में गलत नैरेटिव सेट करने की कोशिश कर रही है कि वह वह सफल हुई है। भाजपा कार्यकर्ताओं को यह गलत नैरेटिव सेट नहीं होने देना है। सफलता सिर्फ भाजपा को मिली है, सफल सिर्फ भाजपा हुई है। भारतीय जनता पार्टी दक्षिण के राज्यों में भी सफलता प्राप्त कर रही है। केरल में पहली बार हमारी पार्टी का खाता खुला।
शिवराज ने कहा कि उड़ीसा में चमत्कार हुआ और भाजपा ने विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। आंध्रप्रदेश में भाजपा के 10 प्रतिशत वोट बढ़े हैं। तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु में भी भाजपा के वोट बढ़े हैं। कर्नाटक में 28 में 17 सीटें जीतकर भाजपा सफल हुई है। राहुल गांधी ने अग्निवीर को एक करोड़ की आर्थिक सहायता नहीं मिलने का झूठ बोला, एमएसपी को लेकर झूठ बोला। लेकिन जब सदन में एमएसपी के आंकड़े रखे तो चुप हो गए। राहुल गांधी कह रहे हैं कि हमने राम मंदिर आंदोलन को हरा दिया है। बालक बुद्धि राहुल गांधी को कौन समझाए कि हिंदुत्व की परिषाभा क्या होती है। राहुल गांधी और उनका परिवार हिंदुत्व की परिभाषा नहीं जानता।












Click it and Unblock the Notifications