Bhopal nagar nigam का इलेक्शन बजट न कोई नया टैक्स, न ही वृद्धि, बजट में विकास योजनाओं पर फोकस
भोपाल नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को महापौर मालती राय ने बजट 2023-24 पेश किया। बजट में मेयर ने निगम कर्मियों की बेटियों के लिए बड़ी घोषणा की है। 10वीं और 12वीं में मेरिट में आने पर बेटियों को ₹5 हजार दिए जाएंगे।

नगर निगम परिषद की बजट बैठक मंगलवार में परिषद अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की अध्यक्षता में हुई। 3 साल बाद चुनी हुई परिषद बजट पेश करती रही। क्योंकि इस साल प्रदेश में चुनाव होना है। इसका असर राजधानी के बजट पर भी दिखाई दे रहा है। इस बजट में ना तो कोई नया टैक्स लगाया जा रहा है और ना ही किसी टैक्स में वृद्धि की जा रही है। बजट के पहले प्रश्नकाल शुरू हुआ। इस दौरान विपक्ष कांग्रेस के पार्षदों ने स्मार्ट सिटी के कामकाज को लेकर आसंदी का घेराव किया। पार्षदों ने कहा कि अधिकारी प्रश्नों के जवाब नहीं देते। नगर निगम में अफसरशाही चल रही है। जनता परेशान है। मेयर की 5 और अध्यक्ष की 2 करोड़ रुपये की निधि रहेगी, जबकि 25 लाख रुपए की निधि पार्षदों की रहेगी। पिछली बार की तुलना में पार्षद निधि 10 लाख रुपए तक घटा दी गई है।
50% राशि वार्ड पर होगी खर्च
मंगलवार को भोपाल नगर निगम कार्यालय में महापौर मालती राय ने निगम परिषद की बैठक में 3300 करोड़ रुपये का भारी भरकम बजट पेश किया। महापौर ने बजट 2023-24 को पेश करते हुए घोषणा कि प्रत्येक वार्ड से वसूल होने वाली संपत्ति कर की राशि का आधा हिस्सा यानी 50% राशि उसके विकास पर खर्च की जाएगी।
मिनी स्पोर्ट्स सेंटर बनाए जाएंगे
बजट में भोपाल शहर में मिनी स्पोर्ट्स सेंटर बनाए जाने का प्रावधान किया गया है। शहर वासियों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन करने के लिए कन्वैक्शन सेंटर बनाए जाएंगे। कोई नया कर बजट में नहीं लगाया गया है। संपत्ति और जल कर पहले की तरह ही रहेगा। महापौर ने पीएम आवास को लेकर कहा कि योजना में कई मकान है, जिनमें आवंटन किसी के नाम पर हुआ है, लेकिन उनमें कोई दूसरा व्यक्ति रह रहा है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनको बाहर किया जाएगा।
निगम कर्मचारियों की बेटियों के लिए ₹5 हजार
महापौर मालती राय ने बजट में घोषणा की कि नगर निगम कर्मचारियों की बेटी 10वीं और 12वीं की मेरिट लिस्ट में आती हैं, तो उन्हें ₹5000 की राशि दी जाएगी। इसके अलावा शहर की वैध की गई अवैध बस्तियों में अधोसंरचना विकास के काम किए जाएंगे। दो करोड़ रुपये की राशि से शहर में कवर्ड मांस बाजार बनाया जाएगा। भोपाल में हर साल "झील उत्सव" मनाया जाएगा। ₹10 करोड़ की राशि से जलभराव वाली जगह पर नाला-नाली निर्माण किए जाएंगे। इसके अलावा अमृत प्रोजेक्ट-2 के लिए 450 करोड़ रुपए और 1 हजार करोड़ रुपये से सीवेज का काम होगा।
तिरंगा बयान में नगर निगम ने खर्च किए सवा दो करोड़ रुपये
कांग्रेस पार्षद के सवाल पर नगर निगम एमआईसी मेंबर ने जवाब दिया कि निगम भोपाल द्वारा तिरंगा अभियान के तहत करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। इसके बाद कांग्रेस के पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भोपाल में तिरंगा अभियान के दौरान जमकर भ्रष्टाचार किया गया है।
पार्षद पप्पू विलास राव घाडगे ने उठाया BRTS का मुद्दा
निर्दलीय पार्षद पप्पू विलास राव घाडगे ने बीआरटीएस कोरिडोर को लेकर सवाल खड़े किए उन्होंने कहा कि BRTS कॉरिडोर का निर्माण अधूरा है। जिसकी वजह से भोपाल की जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कई बार भोपाल में ट्रैफिक जाम जैसे हालत भी हो जाते है, लेकिन निगम प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इसके अलावा विंड एनर्जी और ग्रीन बॉन्ड को लेकर भी पार्षदों ने सवाल खड़े किए। विंड एनर्जी का प्रस्ताव निगम की बैठक में निरस्त हो चुका था, लेकिन अब शासन से परमिशन मिल गई है, इसलिए इस बजट में इसे शामिल किया गया है।
शहर का विकास पहली प्राथमिकता: महापौर
भोपाल की महापौर मालती राय ने कहा कि शहर का विकास पहली प्राथमिकता है। इसमें किसी तरह की राजनीति आड़े नहीं आएगी और ना ही धन की कमी रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का विशेष सहयोग मिल रहा है। आगे भी ऐसे ही विकास कार्य चलते रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications