राम के बाद अब कृष्ण जन्म भूमि को लेकर होगा आंदोलन, कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर बोले- देश को बनाएंगे हिंदू राष्ट्र
भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के समापन के अवसर पर आखरी दिन कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने बड़ा बयान दिया है।

राजधानी भोपाल में कथा के दौरान कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर ने ऐलान किया है कि वह जल्द ही मथुरा में कृष्ण जन्म भूमि के लिए आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने हिंदू राष्ट्र बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि अयोध्या के राम की तरह मथुरा में भी श्रीकृष्ण को आजाद करवाकर रहेंगे। इस दौरान उनके साथ बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी उपस्थित रहे।
राजधानी भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान में आयोजित सात दिवसीय कथा के आखिरी दिन शनिवार को कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर से मिलने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी वहां पहुंचे। इसके अलावा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी देवकीनंदन से मिलने उनके मंच पर पहुंचे और दोनों गले मिले। दोनों ने मंच से भगवा ध्वजा को लहराते हुए हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग की।

अयोध्या की तरह मथुरा भी आजाद होगा: देवकीनंदन
शनिवार को भोपाल में कथा के दौरान देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि मैं जब भी मथुरा में माथा टेकता हूं, तो नजर कहीं और होती है। मैं चाहता हूं कि अयोध्या और काशी की तरह मथुरा में भी भव्य मंदिर का निर्माण हों। श्री कृष्ण की भव्य छवि बने। उन्होंने कहा कि जल्दी मथुरा में श्री कृष्ण मंदिर के लिए मैं अकेला ही आंदोलन शुरू करूंगा भले कोई मेरा साथ दे या ना दे। अयोध्या की तरह मथुरा भी आजाद होगा। हम अपने जीते जी राम की तरह कृष्ण को भी आजाद कराके रहेंगे। चाहे उसके लिए कोई भी कीमत चुकानी पड़े।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर को बताया छोटा भाई
देवकीनंदन ठाकुर ने मंच पर मिलने आए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को अपना छोटा भाई बताया उन्होंने कहा कि यह मेरा छोटा भाई है, जो देश में सनातन की रक्षा के लिए खड़ा है। इस दौरान दोनों ने मिलकर मंच से कई देर तक भगवा ध्वजा को लहराया और हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग की। देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि जब तक आप लोग टुकड़े-टुकड़े में बंटे रहोगे, कुर्सी के लिए लड़ते रहोगे, परिवार के लिए जिओगे तो कुछ नहीं कर पाओगे। जिस दिन हम एक हो जाएंगे, तो काशी भी बनेगा और मथुरा भी आजाद होगा।

सीएम शिवराज ने देवकीनंदन की मांग पर की बड़ी घोषणा
कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से देवकीनंदन ठाकुर ने आपत्तिजनक वेब सीरीज को प्रतिबंध करने की मांग की। जिस पर मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि देवकीनंदन ठाकुर जी ने आपत्तिजनक वेब सीरीज पर प्रतिबंध की बात कही है। राज्य सरकार इसके लिए जरूरी कदम उठाएगी। साथ ही नशे पर नियंत्रण के लिए प्रयास किए जाएंगे।
शिवराज ने कहा कि महाराज जी भागवत कथा कह रहे हैं और मैं लाडली बहना कथा कह रहा हूं। बता दे कथा के आखिरी दिन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज के अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, हितानंद शर्मा भोपाल के पूर्व महापौर आलोक शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सभी लोग सेकुलरिज्म की बीन बजा रहे: देवकीनंदन
देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि आज सभी लोग सेकुलरिज्म की बीन बजा रहे हैं। 25 साल बाद सेकुलरिज्म, बहन बेटियों की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं। यह दुर्भाग्य की बात है कि हिंदुस्तान में हमें रामनवमी पर जुलूस निकालने के लिए परमिशन लेनी पड़ती है। जिनकी वजह से उन इलाकों को संवेदनशील बनाते हैं, उन्हें जेल में डालिए, उन्हें पकड़ो, याद रखना कि जिस दिन हमारी संख्या कम हुई, उस दिन मुसीबत होगी। जाकर देखो कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान में क्या हाल है। यह हमारी चिंता है उन्होंने कहा कि मैं ना पद चाहता हूं, ना प्रतिष्ठा चाहता हूं, मैं तो बस सुरक्षित हिंदुस्तान चाहता हूं।












Click it and Unblock the Notifications