सांची में दहाड़े CM शिवराज, बोले- MP में कांग्रेस दो फाड़ और किसानों को क्यों ठगा, जवाब दो कमलनाथ
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को सांची में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज ने कहा कि महाअष्टमी के दिन भी मुझे सुनने बड़ी संख्या में लोग आएं हैं, खासतौर पर बहनें आई हैं, ये भैया के प्रति आपका विश्वास है। मैं आपको प्रणाम करता हूं।
वहीं मुख्यमंत्री शिवराज ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में कपड़ा फाड़ प्रतियोगिता चल रही है। पोस्टर फाड़े जा रहे हैं। कांग्रेस की हालत तो ऐसी हो गई है कि एक दिल के टुकड़े हजार हुए एक यहां गिरा एक वहां गिरा।

Raisen News: सीएम शिवराज ने कहा कि बाढ़ के पानी में इंसान, सांप, बंदर, चीटी सभी एक पेड़ पर चढ़ जाते हैं, लेकिन वो पेड़ पर लड़ते नहीं हैं, यहां तो पेड़ पर भी लड़ाई चल रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दुनिया का सर्वाधिक लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि मोदी जी जनता के हीरो हैं। मोदी जी के नेतृत्व में पुरे विश्व में भारत की साख बढ़ रही है।
सीएम शिवराज ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में कोई नेता गड़बड़ करता था तो वह कभी जेल नहीं जाता था, लेकिन अब किसी ने पाप किया है तो उसे जेल जाना पड़ेगा, ये नरेन्द्र मोदी की सरकार है। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज ने जनसमुदाय से बीजेपी के प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने और प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाने की अपील की।

एमपी में K कांग्रेस हो गई, यानी कमलनाथ की कांग्रेस
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब मध्यप्रदेश में K कांग्रेस हो गई है, यानी कमलनाथ जी की कांग्रेस। वही सर्वे कर रहे हैं, वही टिकट बांट रहे हैं। टिकट में गड़बड़ हो तो वह कहते हैं कि दिग्विजय सिंह के कपड़े फाड़ो, कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं कपड़े फाड़ रहे हैं, पुतले जला रहे हैं। दशहरे से पहले ही कांग्रेस में पुतले जल रहे हैं। कांग्रेस को प्राइवेट लिमिटेड बना लिया है। जैसे महाराष्ट्र में शिवसेना, दो हिस्सों में बट गई वैसे ही मध्यप्रदेश में कांग्रेस के दो फाड़ हो गए हैं। कमलनाथ जी ने तो इंडी गठबंधन का भी सत्यानाश कर दिया है, अब वह कह रहे हैं "अखिलेश-वखलेश"" अपने गठबंधन के लिए ही ऐसी भाषा का वह इस्तेमाल कर रहे हैं। मुझे तो समझ में नहीं आता मध्य प्रदेश में किसकी कांग्रेस है। सोनिया गांधी या मल्लिकार्जुन खड़गे की कांग्रेस है। या कमलनाथ की कांग्रेस है। यहां तो ना गठबंधन का कोई भविष्य है और ना ही कांग्रेस का कोई भविष्य है।
जवाब दो कमलनाथ
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि हम वादे नहीं काम कर रहे हैं और जो काम कर रहे हैं उसे बता रहे हैं। कांग्रेस रोज झूठे वादे करती है। उन्होंने मोहब्बत की दुकान नहीं बल्कि झूठ की दुकान खोल रखी है। रोज झूठ परोस रहें हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि यह दूसरा महाझूठ पत्र तो ले आए, लेकिन पहले वचन पत्र का क्या हुआ। कांग्रेस ने कहा था कर्ज माफ करेंगे लेकिन सभी का कर्ज माफ क्यों नहीं किया इसका जवाब दो कमलनाथ। कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में कहा था किसानों को फसलों पर समर्थन मूल्य पर बोनस देंगे। एक पैसा बोनस देने का काम नहीं किया, इसका जवाब दो कमलनाथ।
उन्होंने कहा था कि ग्राम सभा की सिफारिश के आधार पर फसल बीमा योजना का लाभ देंगे, फसल बीमा योजना का लाभ देना तो दूर आरबीसी 6(4) का लाभ भी किसानों को तब नहीं दिया जब उनकी फसलें बाढ़ और अतिवृष्टि में पूरी तरह से बर्बाद हो गई थी, इसका भी जवाब दो कमलनाथ। कांग्रेस ने तो एक महापाप और किया है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का पैसा जो दिल्ली से आना था, जो प्रधानमंत्री जी भेजते हैं, उसकी सूची तक केंद्र को नहीं दी और इसलिए लाखों किसानों को किसान सम्मान निधि से वंचित करने का बड़ा पाप भी कांग्रेस ने किया है।
दशहरे-दिवाली के दिन भी प्रचार करूंगा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आपको लग रहा होगा, अच्छा मुख्यमंत्री है अष्टमी के दिन भी आ रहा है, लेकिन अकेले यहाँ नहीं मैं बाकी जगह भी जा रहा हूंं। बीजेपी की महाविजय के लिए दशहरे के दिन भी मैं प्रचार करूंगा और दिवाली के दिन भी मैं प्रचार प्रसार नहीं छोड़ूँगा। साथ ही उन्होंने कहा कि महाअष्टमी होने के बावजूद भी आज देवनगर में आप सभी पधारे, आपने भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास व्यक्त किया और भैया पर भरोसा किया। मैं भी आपको वचन देता हूँ जान भले ही चले जाए, लेकिन आपके विश्वास को नहीं टूटने दूंगा।












Click it and Unblock the Notifications