भिंड से CM शिवराज ने विकास यात्रा का किया शुभारंभ, 397 करोड़ रुपये से अधिक के 125 विकास कार्यों का भूमिपूजन
सीएम ने बताया कि भिंड और आस-पास के क्षेत्र में सीएम जन सेवा अभियान के तहत 3.50 लाख लोग जन कल्याणकारी योजनाओं से जोड़े गए हैं, जो छूट गए थे। अभी भी कोई हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित है, तो उसका नाम जोड़ा जाएगा।

सरकार की लोक कल्याणकारी की योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदेश भर में आज से विकास यात्राएं निकाली जा रही हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भिंड जिले से संत रविदास को स्मरण करने के बाद इस यात्रा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकास यात्रा इसलिए निकाली जा रही है, ताकि जो गरीब वंचित योजनाओं के लाभ नहीं ले पा रहे हैं, वे भी इसका लाभ ले सके। गरीब कल्याण हमारा संकल्प है। इसलिए विकास यात्रा इसी उद्देश्य के साथ निकाली जा रही है कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के वंचितों का नाम फिर से जोड़ा जा सके और जिनके नाम पूर्व में जुड़े हैं, उन्हें लाभ मिलना शुरू हो सके।

3 लाख 77 हजार से अधिक स्वीकृति पत्रों का वितरण
भिंड में CM शिवराज सिंह चौहान ने आज मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के अंतर्गत 3 लाख 77 हजार से अधिक स्वीकृति पत्रों का वितरण एवं 397 करोड़ रुपए से अधिक के 125 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। साथ ही विकास यात्रा के रथों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, अरविंद भदौरिया, उपस्थित रहे। सीएम ने कहा कि संत रविदास जी के चरणों में प्रणाम करते हुए संकल्प व्यक्त करता हूं कि गरीब भाई-बहनों के जीवन में बदलाव के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

गरीब भाई-बहनों की जिंदगी बदलना ही मेरे जीवन का संकल्प: CM
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि भिंड और आस-पास के क्षेत्र में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत 3.50 लाख लोग जन कल्याणकारी योजनाओं से जोड़े गए हैं, जो पहले नहीं जोड़े गए थे। अभी भी कोई योजनाओं से छूट रहा हो, तो नाम जोड़ा जाए। मध्यप्रदेश में आपके मामा शिवराज की भाजपा सरकार है, जिसमें गरीब भाई-बहनों के कल्याण के लिए कभी भी पैसे की कमी नहीं आने दूंगा। आप सभी गरीब भाई-बहनों की जिंदगी बदलना ही मेरे जीवन का संकल्प है।

महिलाएं धन्यवाद मामा के पोस्टर लेकर शामिल हुई
भिंड के कार्यक्रम में महिलाएं धन्यवाद मामा के पोस्टर लेकर शामिल हुई। महिलाओं की तरफ देखकर सीएम शिवराज ने कहा कि लाडली लक्ष्मी बेटियों का एडमिशन मेडिकल, इंजीनियरिंग, लॉ, आईआईएम आदि में होगा, तो उनकी फीस माता-पिता नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार भरवाएगी। लाड़ली लक्ष्मी योजना के बाद अब अपनी बहनों के लिए मैं लाड़ली बहना योजना शुरू करने की तैयारी कर रहा हूं, जिसमें सभी गरीब परिवारों की बहनों को हर महीने ₹1000 दिए जाएंगे। इसमें जाति, समुदाय, वर्ग का बंधन नहीं है। प्रत्येक वर्ग बहनों को खर्चे के लिए प्रति महीने 1 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके लिए हम अभियान शुरू कर रहे हैं।

लाड़ली बहना योजना के लाभ के लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया 8 मार्च से
सीएम शिवराज ने जानकारी देते हुए बताया कि लाड़ली बहना योजना के लाभ के लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से शुरू होगी। बहनों से निवेदन है कि इस राशि का सदुपयोग आप स्वयं सुनिश्चित करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आन एक वैभवशाली, गौरवशाली, समृद्ध व शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। भारत पूरी दुनिया में शान के साथ खड़ा हुआ है और आंखें झुकाकर नहीं, आंखों में आंख डालकर बात करता है। मध्यप्रदेश में शासकीय सेवा में 1 लाख 14 हजार पदों पर भर्ती जारी है। इसके साथ ही युवाओं को स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित करने की कई योजनाएं संचालित हैं। आप युवा आगे आएं और मध्यप्रदेश के नवनिर्माण में सहभागी बनें।












Click it and Unblock the Notifications