भोपाल में होने वाले सबसे बड़े BJP कार्यकर्ता महाकुंभ को लेकर CM शिवराज का बड़ा बयान, PM मोदी भी होंगे शामिल
Bhopal CM Shivraj News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाधि की जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं का महाकुंभ आयोजित होने वाला है। भाजपा इस आयोजन के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेगी। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी संबोधित करेंगे।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ताओं की बैठक ली और तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता भी शामिल रहे।

अब तक सबसे बड़ा ऐतिहासिक जनादेश भाजपा को मिलेगा: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ भारतीय जनता पार्टी के विराट स्वरूप का दर्शन कराता हैं। जन आशीर्वाद यात्राओं में जनता का उत्साह बताता है कि विधानसभा चुनाव में अब तक का सबसे बड़ा ऐतिहासिक जनादेश भाजपा को मिलेगा।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भोपाल के कार्यकर्ता व्यवस्था अच्छी करते हैं, लेकिन संख्या बल नहीं ला पाते हैं, यहां बहने भी अच्छी संख्या में आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा काम करें कि अगली बार कहूं कि भोपाल के कार्यकर्ता व्यवस्था और संख्या भी सर्वश्रेष्ठ है।
उन्होंने कहा कि भोपाल के कार्यकर्ता अपने अनुभव और योग्यता के अनुसार बहुत बढ़िया व्यवस्था करते हैं, जिनकी क्षमता पर पार्टी को पूर्ण विश्वास है। पार्टी के कार्यकर्ता दूरस्थ क्षेत्रों से अनेक समस्याओं का सामना उठाकर कार्यकर्ता महाकुंभ में भोपाल आ रहे हैं, जिनके स्वागत की व्यवस्था हम सभी को मिलकर करना है और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदान करना है। सीएम ने कहा कि कार्यकर्ता महाकुंभ के अवसर पर नारी शक्ति का भव्य प्रदर्शन होना चाहिए, क्योंकि माताएं, बहनें और बेटियां पार्टी के साथ हैं।

कार्यकर्ता महाकुंभ को आनंद और उत्साह के वातावरण में सफल बनाना: प्रदेश अध्यक्ष
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बैठक में कहा कि पार्टी द्वारा निकाली जा रही पांचों जनआशीर्वाद यात्राओं को ऐतिहासिक जनसमर्थन मिल रहा है। प्रदेश की विधानसभाओं में पहुंची यात्राओं में शामिल पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को जनता ने आशीर्वाद प्रदान किया है। 25 सितम्बर को प्रदेश के प्रत्येक बूथ से लाखों पार्टी कार्यकर्ता अपार उत्साह और उमंग के साथ भोपाल पहुंचेंगे, जिन्हें एक सूत्र में पिरोने की जिम्मेदारी हमारी है।
वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के 75 वर्षों में देश में पहली बार महिलाओं को लोकसभा एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक कार्य किया है और वहीं प्रदेश सरकार ने भी नगरीय निकाय के चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है। इस ऐतिहासिक कार्य के लिए बहनें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का पार्टी के ध्वज के साथ अभिनंदन करेंगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता महाकुंभ को आनंद और उत्साह के वातावरण में सफल बनाना है। प्रदेश भर से भोपाल आने वाले कार्यकर्ताओं के स्वागत के साथ ही सभी सुविधाओं को ध्यान रखना हमारी प्रतिबद्धता है।
कार्यकर्ता महाकुंभ में बनेगा रिकॉर्ड: प्रदेश संगठन महामंत्री
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी अनुभवी कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने पूर्व में भी जन आशीर्वाद यात्राओं के साथ ही पार्टी के अनेक आयोजनों में अपने अनुभव एवं प्रतिबद्धता के साथ पूर्ण किया है। उन्होंने कहा कि जंबूरी मैदान में पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर होने वाला कार्यकर्ता महाकुंभ अपने आप में रिकॉर्ड बनाने वाला आयोजन है। पूर्व में भी पार्टी ऐसे सफल कार्यक्रम कार्यकर्ताओं के बल पर आयोजित किए हैं, यह महाकुंभ भी सफलता को प्राप्त हो, इस दिशा में हमें आगे बढ़ना है।












Click it and Unblock the Notifications