MP News: CM शिवराज ने की 'मुख्यमंत्री युवा कौशल कमाई योजना' की घोषणा, ट्रेनिंग के दौरान मिलेंगे 8 हजार रुपए
भोपाल में आयोजित यूथ महापंचायत में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने युवाओं के लिए घोषणाओं की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी के लिए साल भर में जितने बार भी फॉर्म भरें, पर फीस एक बार लगेगी।

Madhya Pradesh News: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित यूथ महापंचायत में युवा छात्रों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की है। उन्होंने कहा कि आज मैं "मुख्यमंत्री युवा कौशल कमाई योजना" की घोषणा कर रहा हूं। इसके तहत ऐसे युवा जिनकी 12वीं के बाद पढ़ाई छूट गई है या ग्रेजुएशन के बाद जब तक परमामेंट जॉब नहीं मिलती, तब तक उन युवाओं को विभिन्न सेक्टर में ट्रेनिंग दिलाने का काम सरकार करेगी और इस दौरान उन्हें 8 हजार रुपए प्रतिमाह दिया जाएगा। सीएम शिवराज ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा कौशल कमाई योजना के अंतर्गत युवाओं को इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रोनिक्स, प्रबंधन, होटल मैनेजमेंट, टूरिज्म, आईटी, बैंकिंग, कानून समेत विभिन्न क्षेत्रों में ट्रेनिंग दी जाएगी। इस दौरान उन्हें 8 हजार रुपए सरकार की तरफ से दिए जाएंगे और कंपनी अलग पैसा देगी।

1 साल में जितनी चाहे नौकरी के फॉर्म भरें, फीस एक ही बार लगेगी: CM
सीएम शिवराज ने बताया कि जो बच्चे काम सीखना चाहते हैं, उन सभी बच्चों के लिए पोर्टल (Yovaportal.mp.gov.in) पर 1 जून से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएंगे और 1 जुलाई से पैसे मिलना प्रारंभ हो जाएंगे। यह दुनिया की सबसे बड़ी अप्रेंटिसशिप योजना है। इस योजना में 15 से 29 साल की यूथ पात्र होंगे। इसके साथ ही सीएम शिवराज ने एक और बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 1 साल में जितनी चाहे सरकारी नौकरी के फॉर्म भरें, फीस एक ही बार लगेगी।

100 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा स्टूडेंट इनोवेशन फंड
यूथ महापंचायत में सीएम शिवराज ने एक और बड़ी घोषणा की उन्होंने कहा कि युवाओं को अलग-अलग भाषाएं सिखाने के लिए बेसिक एडवांस कोर्स प्रारंभ किया जाएगा। ताकि युवाओं को रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो सके। 100 करोड़ रुपए की लागत से स्टूडेंट इनोवेशन फंड बनाया जाएगा। इसके अलावा सीएम ने बताया कि ट्राइबल म्यूजियम के माध्यम से प्रदेश के 1 हजार जनजातीय युवा कलाकारों को 3 महीने की अवधि के लिए 10 हजार रू मानदेय पर फैलोशिप दी जाएगी। अब केवल एक बार ही परीक्षा शुल्क भरना होगा। विभिन्न परीक्षाओं और इंटरव्यू में भाग लेने बार-बार शुल्क भरने की जरूरत नहीं होगी।
Recommended Video

युवा अनुभव यात्राओं" का किया जाएगा आयोजन
सीएम शिवराज ने कहा कि मां तुझे प्रणाम योजना की तर्ज पर प्रदेश के चयनित युवाओं को अपने प्रदेश और संस्कृति को जानने "युवा अनुभव यात्राओं" का आयोजन किया जाएगा।पढ़ाई के साथ-साथ कैसे कौशल उन्नयन का काम हो। भोपाल में हम सिंगापुर के साथ ग्लोबल स्किल्स पार्क बना रहे हैं, जो इस साल प्रारंभ हो जाएगा।

मेधावी विद्यार्थी योजना में आय की सीमा बढ़ाकर की ₹ 8 लाख
सीएम शिवराज ने मेधावी विद्यार्थी योजना को लेकर भी बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना में हमने तय किया है कि अभी तक योजना के लाभ के लिए जो आय की सीमा ₹ 6 लाख थी, उसको बढ़ाकर ₹ 8 लाख की जाएगी। मैं किसी बच्चे को निराश नहीं होने दूंगा। इस दौरान सीएम शिवराज ने यूथ महापंचायत के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उत्कृष्ट सेवाओं द्वारा मध्यप्रदेश का नाम उज्ज्वल करने वाले युवाओं को विवेकानंद युवा पुरस्कार से सम्मानित किया।












Click it and Unblock the Notifications