Bhopal News: PM मोदी के कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहन ने स्टेट हैंगर का किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजधानी भोपाल दौरे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

राजधानी भोपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक दिवसीय दौरे को लेकर उनके स्वागत में प्रदेश भाजपा की टीम कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसलिए लगातार मुख्यमंत्री सहित पूरा बीजेपी संगठन भोपाल में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटा हुआ है। पीएम मोदी के भोपाल आगमन को लेकर CM शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने गुरूवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के बीच तैयारियों का जायजा लिया। सीएम ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन एवं स्टेट हैंगर का निरीक्षण किया। बाद में स्टेट हैंगर पहुंचकर मुख्यमंत्री शिवराज और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने स्टेट हैंगर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पीेएम नरेंद्र मोदी 1 अप्रैल को भोपाल पहुंचेंगे। कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में भारतीय सेना की कमांडर कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। पीएम मोदी रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए प्रारंभ हो रही नवीन वंदे भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्त्ता और भोपाल के नागरिक प्रधानमंत्री मोदी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह से रानी कमलापति स्टेशन जाने के यात्रा मार्ग और प्रमुख चौराहों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत को भव्य बनाना है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राजाभोज की नगरी भोपाल में कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की जनता द्वारा स्थान-स्थान पर ऐतिहासिक और भव्य स्वागत होगा। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह और उमंग है। BJP के कार्यकर्ता और क्षेत्र की जनता उनके स्वागत के लिए तत्पर और तैयार है। उन्होंने कहा कि हमें कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह से रानी कमलापति स्टेशन के यात्रा मार्ग और प्रमुख चौराहों पर जगह-जगह फूलों की बारिश और मध्यप्रदेश को वन्दे भारत ट्रैन की सौगात दिए जाने के लिए हाथों में धन्यवाद की तख्तियां लेकर स्वागत करना है। स्थल निरीक्षण के दौरान प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, अरविन्द भदौरिया, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, विधायक रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, जिला प्रभारी महेन्द्र यादव सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications