मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने टैक्स में बढ़ोतरी को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक की
मध्यप्रदेश में सरकारी खजाने को भरने के लिए और टैक्स में सुधार को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

मध्य प्रदेश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और राजस्व में बढ़ोतरी को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने आज निवास कार्यालय समत्व भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राजस्व संग्रहण करने वाले विभागों के कार्य और लक्ष्य प्राप्ति के प्रयासों के संबंध में समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा वर्चुअली सम्मिलित हुए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि वित्त वर्ष का आखिरी माह विभिन्न करों के संग्रहण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। विभागों ने बीते वर्ष से अधिक कर संग्रहण किया है। वित्त वर्ष के पूर्ण होने पर बेहतर उपलब्धि प्राप्त हो, इसके लिए इस माह प्रयासों को बढ़ाएं।
मुख्यमंत्री शिवराज ने राज्य में वैट, जीएसटी सहित आबकारी, स्टांप पंजीयन, खनिज, परिवहन, ऊर्जा, वन, लोक सम्पत्ति प्रबंधन, राजस्व विभाग और जल संसाधन एवं नर्मदा घाटी विकास विभाग द्वारा करों के संग्रहण के लिए अब तक किए गए कार्य की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री चौहान ने विभागों को निर्देश दिए कि जिन करों की अपेक्षित प्राप्ति में कमी हो, आवश्यकतानुसार अभियान संचालित कर निर्धारित लक्ष्य प्राप्त किया जाए। बैठक में बताया गया कि प्रदेश करों के संग्रहण में देश के अग्रणी राज्यों में है। प्रदेश में व्यापार उद्योग जगत और आमजन द्वारा करों के नियमित भुगतान करने की प्रवृत्ति विकसित हुई है। करों से प्राप्त राशि का बड़ा हिस्सा जन कल्याण में खर्च होता है।












Click it and Unblock the Notifications