बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने दूसरी बार की गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात
भोपाल में शनिवार को फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने दूसरी बार गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा से उनके निवास पर मुलाकात की। अक्षय उनकी अपकमिंग फिल्म की शूटिंग के लिए भोपाल में हैं।
भोपाल, 16 अप्रैल। राजधानी भोपाल में अभिनेता अक्षय कुमार ने गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से दूसरी बार मुलाकात की। अक्षय अपनी अपकमिंग फिल्म सेल्फी की शूटिंग के सिलसिले में राजधानी भोपाल आए हुए हैं, हालांकि इस दौरान उनकी मुलाकात मध्य प्रदेश के शीर्ष नेताओं से काफी हो रही है। इसी कड़ी में शनिवार को एक बार फिर से अक्षय कुमार की मुलाकात प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से उनके निवास पर हुई। इससे करीब 2 हफ्ते पहले इन दोनों की मुलाकात हुई थी।

इससे पहले 5 अप्रैल को खुद गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार से मिलने भोपाल के नूर-उस-सभा होटल पहुंच गए थे। उस मुलाकात के बाद दोनों के बीच ट्विटर पर दोनों के बीच संवाद का सिलसिला जारी रहा।
आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर अक्षय कुमार भोपाल की जमकर तारीफ कर चुके हैं। भोपाल की खूबसूरती को लेकर अक्षय कुमार ने जो कहा उसे सुनकर हर एक भोपालवासी गदगद हो जाए। उन्होंने न सिर्फ भोपाल की खूबसूरती की तारीफ की, बल्कि यहां के व्यंजनों को भी काफी सराहा। उन्होंने कहा कि यहां का भोजन भी कमाल है, जिनसे मेरी डाइटिंग के सब प्लान हवा में उड़ चुके हैं।
सीएम शिवराज से भी मिल चुके हैं अक्षय कुमार

अभी 2 दिन पहले अक्षय कुमार सीएम शिवराज से मिलने उनके निवास पर पहुंचे थे, जहां मुख्यमंत्री ने अक्षय कुमार को प्रदेश में कला संस्कृति के क्षेत्र में संचालित गतिविधियों और प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए की जा रही पहल से अवगत कराया था। इसके साथ ही अक्षय कुमार को शाल, श्रीफल देकर मुख्यमंत्री ने सम्मानित भी किया था। साथ ही स्मार्ट पार्क में उनके साथ पौधारोपण भी किया था।












Click it and Unblock the Notifications