नागदा को जिला बनाने की घोषणा पर प्रदेश अध्यक्ष VD शर्मा ने जताया CM शिवराज का आभार
नागदा को जिला बनाने के संबंध में सीएम शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई घोषणा स्वागत योग्य है। इससे स्थानीय जनता को सुविधाएं तो मिलेंगी ही, क्षेत्र में विकास की रफ्तार भी तेज होगी। यह बात बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने नागदा को जिला बनाए जाने की घोषणा पर हर्ष व्यक्त करते हुए कही। शर्मा ने इस घोषणा के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार भी जताया।
जन आकांक्षाओं, विकास की जरूरतों की अनदेखी भाजपा का स्वभाव नहीं
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बीजेपी का यह मानना रहा है कि सुशासन और विकास के लिए विकेंद्रीकरण आवश्यक है। जनता की आकांक्षाओं और विकास की जरूरतों को टालना बीजेपी का स्वभाव नहीं है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और झारखंड को अलग राज्य बनाने की जनता की मांग को कांग्रेस की सरकारें दशकों तक टालती रहीं, अनदेखी करती रहीं। वोटों के गुणा भाग में निर्णय को टालती रहीं, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल की सरकार ने न सिर्फ इस बारे में निर्णय लिया, बल्कि इतनी सहजता के साथ उसे लागू किया कि आज भी सारा देश उनके इस काम की तारीफ करता है।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि इसी तरह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रदेश सरकार ने भी सुशासन और विकास के लिए नए जिलों के गठन में कोई टालमटोल नहीं की है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने नागदा को जिला बनाए जाने पर स्थानीय नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नए जिले के विकास के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करें।
सीएम शिवराज ने की बड़ी-बड़ी घोषणाएं
बात दे उज्जैन नागदा में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी-बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने यहां आयोजित विकास पर्व के कार्यक्रम में नागदा को जिला बनाने की घोषणा की और कहा है कि, इसकी प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, जो तहसील नागदा जिले में शामिल होना चाहेगी उन्हीं को इसमें शामिल किया जाएगा। साथ ही उन्होंने उन्हेल को तहसील का दर्जा देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नागदा में मुक्तेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित विकास पर्व एवं हितग्राही सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications