MP News: ADG अखेतो सेमा बने स्पेशल डीजी, मोहन यादव सरकार ने शुक्रवार को किया पदोन्नति का ऐलान
MP News: राज्य शासन ने शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी जी अखेतो सेमा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) से पदोन्नत कर स्पेशल डीजी जेल नियुक्त कर दिया है। यह फैसला गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत लिया गया। 1992 बैच के अधिकारी सेमा इस साल के अंत तक सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इससे पहले वे एडीजी जेल के पद पर कार्यरत थे।
इस नियुक्ति के साथ ही राज्य में स्पेशल डीजी के 12 स्वीकृत पदों में से रिक्त चल रहे एक पद को भर दिया गया है। यह पद स्पेशल डीजी रेल मनीष शंकर शर्मा के आकस्मिक निधन के बाद से खाली था।

9 महीने बाद सेवानिवृत्त होंगे सेमा
गृह विभाग के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सेमा की पदोन्नति रिक्त चल रहे स्पेशल डीजी के पद पर की गई है। सेमा का कार्यकाल अब मात्र 9 महीने शेष है, और इस अवधि में वे जेल विभाग के प्रमुख के रूप में कार्य करेंगे। पुलिस मुख्यालय (PHQ) की ओर से लंबे समय से इस रिक्त पद को भरने की प्रक्रिया चल रही थी और सेमा का नाम इस पद के लिए प्रस्तावित किया गया था।
तीन IPS अधिकारियों के तबादले, छिंदवाड़ा में पोस्टिंग शेष
इस पदोन्नति के साथ ही राज्य सरकार ने तीन अन्य आईपीएस अफसरों के तबादले भी किए हैं। प्रकाश चंद्र परिहार, जो अब तक एआईजी ग्रामीण, इंदौर जोन के पद पर कार्यरत थे, उन्हें पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, नगरीय पुलिस इंदौर बनाया गया है।
अवधेश प्रताप सिंह, अब तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, छिंदवाड़ा, को स्थानांतरित कर सेनानी, 36वीं वाहिनी, भारतीय रिजर्व बल, विशेष सशस्त्र बल, बालाघाट नियुक्त किया गया है। राजेंद्र कुमार वर्मा, जो एआईजी प्रशिक्षण, विशेष शाखा, पीएचक्यू में तैनात थे, को अब पुलिस अधीक्षक, पीटीसी इंदौर के पद पर भेजा गया है।
छिंदवाड़ा में फिलहाल एएसपी पद खाली
अवधेश प्रताप सिंह के तबादले के बाद छिंदवाड़ा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का पद खाली हो गया है। राज्य शासन की ओर से इस पद पर किसी नई नियुक्ति की घोषणा अभी नहीं की गई है, जिससे जिले में नेतृत्व संबंधी अस्थायी रिक्तता बनी हुई है।
स्पेशल डीजी स्तर पर संतुलन बनाने की कोशिश
राज्य शासन द्वारा समयबद्ध ढंग से रिक्त उच्च पदों को भरने की कोशिश वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के लिए प्रोत्साहन और संगठनात्मक संतुलन बनाए रखने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मनीष शंकर शर्मा की मृत्यु के बाद स्पेशल डीजी रेल का पद खाली था, जिसे अब जी अखेतो सेमा की पदोन्नति से भरा गया है, हालांकि कार्यभार अलग विभाग में सौंपा गया है।












Click it and Unblock the Notifications