घर के अंदर मिली पति-पत्नी और बच्चे की लाश, 10 साल की बच्ची मिली बेहोश
भिंड के कटवा गुर्जर गांव मे एक ही परिवार के 3 सदस्यों की हुई मौत, पूरे परिवार में दस साल की बच्ची रह गई अकेली
भिंड, 11 जून। भिंड में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां भिंड के कटवा गुर्जर गांव में एक ही परिवार के 3 लोगों की लाश घर के अंदर मिली है। माता-पिता फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले, जबकि बेटे की लाश जमीन पर पड़ी मिली। बेटी भी बेसुध हालत में मिली, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

कटवा गुर्जर गांव के रहने वाले धर्मेंद्र का परिवार रोजाना सुबह जल्दी जाग जाता था और घर के बाहर काम के लिए आ जाता था, लेकिन शनिवार की सुबह घर का कोई भी सदस्य जागकर घर से बाहर नहीं आया। घर के दरवाजे तक नहीं खुले। इस वजह से आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका होने लगी।

किसी अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि धर्मेंद्र के परिवार में कोई हलचल नजर नहीं आ रही है और घर के दरवाजे भी बंद है। यह सूचना मिलने पर पुलिस भी तुरंत कटवा गुर्जर गांव के लिए रवाना हो गई।
घर के अंदर दाखिल हुई पुलिस तो लटकी मिली लाशें
कटवा गुर्जर गांव पहुंचकर जब पुलिस धर्मेंद्र के घर के बाहर पहुंची तो ग्रामीणों ने बताया कि घर का दरवाजा नहीं खुल रहा है। इसके बाद पुलिस दल दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हआ तो घर के अंदर लाशें लटकी हुई थीं। घर के बाहर वाले कमरे में धर्मेंद्र की लाश लटकी हुई थी और घर के अंदर वाले कमरे में धर्मेन्द्र की पत्नी अमरेश की लाश लटकी हुई थी ,जबकि घर में जमीन पर उनके बेटे प्रशांत का शव पड़ा हुआ था और बेटी मीनाक्षी बेसुध हालत में पड़ी थी।
यह नजारा देखकर हर कोई सहम गया
घर के अंदर पूरे परिवार की यह हालत देखकर सभी लोग सहम गए। एक दिन पहले तक जिस परिवार के साथ लोग घूम फिर रहे थे, बातचीत कर रहे थे, वह पूरा परिवार शनिवार की सुबह मौत की नींद में सो चुका था। पूरे परिवार में सिर्फ एक बच्ची ही बची थी, जिसकी सांसे चल रही थी लेकिन बेसुध हाल में थी।
मौके पर पहुंच गए एसपी शैलेंद्र सिंह
घटना की जानकारी मिलते ही भिंड एसपी शैलेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए। यहां एसपी शैलेन्द्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सभी साक्ष्यों को बारीकी से जांचा। आसपास के लोगों से बातचीत की और पंचनामा तैयार करवाया।
घटना के कारणों का नहीं हो सका खुलासा
भिंड एसपी शैलेंद्र सिंह का कहना है कि घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है लेकिन जिस तरह से यह पूरा घटनाक्रम सामने आया है उससे लग रहा है कि कोई बड़ी वजह जरूर होगी।












Click it and Unblock the Notifications