साक्षी मिश्रा को नहीं रहा बरेली पुलिस पर भरोसा, अब यहां दर्ज कराई शिकायत
बरेली। बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी मिश्रा ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ अजितेश से इंटरकास्ट मैरिज कर ली थी और घरवालों से अपनी जान को खतरा भी बताया था। इसके बाद कई दिनों तक ये मामला मीडिया में छाया रहा था। एक बार फिर से साक्षी मिश्रा सुर्खियों में है। दरअसल, साक्षी को अब बरेली पुलिस पर भरोसा नहीं रह गया है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से कार्रवाई की उम्मीद जताते हुए ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।

जान से मारने की मिल रही है धमकी
अजितेश और साक्षी की शादी के दो महीने गुजर जाने के बाद भी उनको बार-बार धमकियां मिल रही हैं। साक्षी ने बताया कि लगातार सोशल मीडिया अकाउंट पर धमकी दी जा रही है। साक्षी की मानें तो इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'जिद्दी जाट' नाम की यूजर आईडी से आपत्तिजनक मैसेज भेजे जा रहे हैं। साक्षी के मुताबिक, युवक ने उनको धमकी दी है कि उसने उनकी और अजितेश की 50 लाख रु की सुपारी ली है। साथ ही ये भी लिखा है कि तीन महीने में काम पूरा कर दूंगा। हालांकि, ये सुपारी किसने दी, इसका कोई जिक्र नहीं किया गया है।
Recommended Video

अजितेश को भी मिली धमकी
जबकि अजितेश के मुताबिक, ट्विटर और फोन से अभिषेक शर्मा नाम का एक युवक उन्हें लगातार गाली दे रहा है। उन्हें और उनके परिवार को आपत्तिजनक मैसेज भेज रहा है। अजितेश ने इसकी शिकायत बरेली पुलिस से भी की थी, जिसके बाद उन्हें दिल्ली में ही शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। चूंकि, वह दिल्ली में अपना पता नहीं बताना चाहते हैं, इसलिए इस मामले में कार्रवाई नहीं हो पा रही है। यहां तक, साक्षी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर किसी अनहोनी की आशंका जताई है।

भेजे जा रहे आपत्तिजनक मैसेज
पहले भी इस तरह के आरोपों की जांच कर चुके सीओ थ्री कुलदीप कुमार ने बताया कि अभी इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। दूसरी तरफ, बीजेपी विधायक की बेटी का कहना था कि उस वीडियो को हर जगह लोगों ने देखा था और अब उनको व्हाट्सऐप और फेसबुक पर रोज धमकियां मिलने लगी हैं। साक्षी मिश्रा ने कहा कि उनका घर से निकलना मुश्किल हो गया है और वह भगोड़े की तरह जिंदगी जीने को मजबूर हैं। साक्षी ने कहा कि कई लोगों का मैसेज और कॉल आया कि हम तुम्हें जान से मार देंगे। वे शादी करने के मेरे फैसले को लेकर बार-बार गालियां दे रहे थे। उन्होंने कहा कि वे लोग सामान्य जिंदगी नहीं जी पा रहे हैं।

बरेली से कई बार की शिकायत
साक्षी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि बरेली पुलिस से धमकियां मिलने की कई बार शिकायत कर चुकी हैं। वहीं, कई बार मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्हें बरेली पुलिस पर भरोसा नहीं रह गया है। जिसके बाद उन्होंने दिल्ली पुलिस से कार्रवाई की उम्मीद जताते हुए ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, एसएसपी शैलेश पांडेय ने कहा कि सुपारी लेकर हत्या की धमकी देने की बात उनके संज्ञान में नहीं आई है। पुलिस तक शिकायत आती है तो संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications