बिल्ली को OLX पर बेचने के चक्कर में मालिक ने गंवाए हजारों रुपए, खरीदार ने ऐसे लगाया चूना
बरेली। बरेली में ऑनलाइन ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां ओएलएक्स पर बिल्ली खरीदने आए धोखेबाज ने बिल्ली वाले को 15 हजार रुपये का चूना लगा दिया। गूगल क्यूआर कोड मिलते ही धोखेबाज ने बिल्ली का पेमेंट करने के बजाय उसके खाते से तीन बार में तकरीबन 15 हजार रुपये निकाल लिये। पीड़ित युवक ने शहर कोतवाली में धोखेबाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

दरअसल, कुतुबखाना सराय खाम सब्जी मंडी के रहने वाले आकिब उल्लाह ने बताया कि उनके पास एक खूबसूरत बिल्ली है। उन्होंने बिल्ली बेचने के लिये ओएलएक्स पर पोस्ट किया था। रविवार को उनके पास हैदराबाद से फोन आया। कहा कि वह बिल्ली खरीदने के इच्छुक हैं। पांच हजार रुपये में बिल्ली का सौदा तय हुआ। आकिब ने कहा कि वह बरेली से बिल्ली कैसे ले जायेंगे। जिस पर खरीददार ने कहा कि उसका भाई बरेली में रहता है। वह बिल्ली को ले लेगा।

धोखेबाज ने बिल्ली का पेमेंट करने के लिये गूगल पे का क्यूआर कोड आकिब से पूछा। आकिब ने उसे क्यूआर कोड बता दिया। जिस पर आकिब के खाते से धोखेबाज ने 4999 रुपये निकाल लिये। मैसेज आने के बाद आकिब ने उसे फोन किया। कहा कि मेरे खाते में रुपये आने के बजाय रुपये कट गये। जिस पर उसने कहा कि कुछ गलती हुई है। दोबारा करता हूं। इस तरह उसने आकिब के बैंक खाते से 14997 रुपये निकाल लिये। इसके बाद उसके मोबाइल नंबर बंद हो गये। धोखाधड़ी की शिकायत उसने एसपी क्राइम से की। एसपी क्राइम के आदेश पर कोतवाली में आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।












Click it and Unblock the Notifications