बरेली: गश्त पर निकले चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार को लुटेरों ने मारी गोली, अब CCTV फुटेज से तलाश रही पुलिस
बरेली: गश्त पर निकले चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार को लुटेरों ने मारी गोली, अब CCTV फुटेज से तलाश रही पुलिस
बरेली, 14 जुलाई: खबर उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से है। यहां बेखौफ लुटेरों ने गश्त पर निकले चौकी इंजार्ज प्रवीण कुमार को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे मौका-ए-वारदात से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दरोगा को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, सीसीटीवी कैमरों के आधार पर पुलिस बदमाशों के पहचान करने में जुट गई है।

ये वारदात बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र की है। बता दें कि प्रवीण कुमार आंवला थाने के कस्बा चौकी इंचार्ज हैं। प्राप्त समाचार के मुताबिक, आंवला में चौराहे पर भूमि विकास बैंक के पास में ऑल बैंकिंग एटीएम लगा है। रात 2:15 बजे के आसपास दरोगा प्रवीण कुमार क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। एटीएम के बाहर एक अपराधी मोबाइल फोन से कुछ बात कर रहा था। संदिग्ध देखकर प्रवीण कुमार ने उससे पूछताछ शुरू कर दी।
इसी दौरान एटीएम के अंदर से एक महिला और पुरुष बाहर आये। दरोगा ने उनसे पूछा कि आधी रात को एटीएम में क्या कर रहे थे। उनका इतना पूछना था कि अपराधियों ने दरोगा के ऊपर फायर झोंक दिया। गोली लगने से दरोगा प्रवीण कुमार घायल हो गए। इस बीच तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए। मौके पर अन्य पुलिस बल के पहुंचने पर एटीएम के अंदर से गैस कटर मशीन और एटीएम काटने के प्रयास के साक्ष्य मिले।
दारोगा को इलाज के लिए शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी रोहित सिंह साजवान ने बताया कि दरोगा की हालत खतरे से बाहर है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए महिला समेत तीनों अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications