75 साल की उम्र में फिर दूल्हा बनना चाहता था 8 बच्चों की पिता, नहीं माने बच्चे तो उठाया ये कदम
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक अजीबोगरीब खबर सामने आई है। यहां दूसरी शादी करने में विफल रहे 75 वर्ष के बुजुर्ग ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि लोकलाज की दुहाई देकर बच्चे अपने पिता को समझा रहे थे लेकिन वह नहीं माने। बाद में परिवारवालों से तकरार और बढ़ गई तो उन्होंने कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है।

8 बच्चों का बाप है अरशद
जानकारी के मुताबिक, मामला बरेली जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र का है। यहां काशीराम कॉलोनी के पास सनौआ में रहने वाले अरशद (75) दूसरी शादी करना चाहते थे। उनकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। उनके 8 बच्चे हैं, जिनमें पांच लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं। अरशद के सभी बच्चे भी शादीशुदा हैं और उनके भी बच्चे हैं। अरशद के दूसरी शादी करने की बात जब बच्चों को पता लगी तो लोक-लाज की दुहाई देकर पिता को समझाना चाहा, लेकिन वह नहीं माने।

झगड़े के बाद कर ली खुदकुशी
इसी बीच बुजुर्ग ने घर में खर्चे पानी के रुपये देना भी बंद कर दिए। इससे नाराज लड़कों ने उनका खाना-पानी बंद कर दिया। गुरुवार को भी परिवार में झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर गुरुवार देर रात अरशद ने पंखे से लटककर खुदकशी कर ली। शुक्रवार सुबह परिजन जब जागे तो उन्हें घटना का पता चला। बुजुर्ग को फंदे पर लटका देखकर घर में अफरातफरी मच गई।

क्या कहा पुलिस ने
बता दें कि बुजुर्ग अरशद के साथ उसके तीन बेटे रहते थे। जबकि दो बेटे अन्य जगह रहते हैं। वही तीनों लड़कियों की शादी हो चुकी है। इंस्पेक्टर सीबीगंज राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि बुजुर्ग दूसरी शादी करना चाहते थे। लड़की भी देख ली थी। परिजन मना कर रहे थे इसलिए उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमॉर्टम में आत्महत्या की पुष्टि भी हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications