Bareilly: साइको पड़ोसी ने करंट से दी बच्ची को मौत, घर की दीवारों पर भयावह न्यूज़ कटिंग देख पुलिस भी हैरान
उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शुक्रवार को यहां एक सिरफिरे पडोसी की हरकत ने 4 साल की मासूम बच्ची की जान ले ली। पड़ोसी ने अपने मकान के लोहे के दरवाजे में करंट छोड़ रखा था, जिसकी चपेट में मासूम आ गई। मासूम की मौत ने परिजनों समेत आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
वहीं घटना के बाद दरवाजा तोड़ते हुए जब गुस्साए लोग पड़ोसी के घर में घुसे तो हैरान रह गए। वहां का मंजर किसी टार्चर रूम या भूतिया हवेली जैसा था। पूरे घर में अजीब सी गंध आ रही थी। लोग आरोपी की हरकतें तंत्र-मंत्र से जोड़कर भी देख रहे हैं।

पडोसी के दरवाजे में था करंट, झुलस गई मासूम
बता दें कि पूरा मामला बरेली के बाकरगंज में तवा वाली गली का है। यहां की रहने वाली निजामुद्दीन और तबस्सुम की 4 वर्षीय बेटी हिफ्जा शुक्रवार शाम को घर के बाहर खेलते हुए पड़ोसी शमशेर उर्फ बबलू के मकान के दरवाजे तक पहुंच गई। उसे छूते ही वह चीखकर गिर पड़ी। करंट से झुलसकर हिफ्जा की मौके पर ही मौत हो गई। गली में मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे। करंट से मौत का माजरा समझते ही शमसेर के घर में जा रही बिजली की लाइन काटी, फिर हिफ्जा को उठाया।
करंट से मासूम की मौत, घर को बनाया टार्चर रूम
मासूम की सांसें थमी देख लोग भड़क गए। शमशेर के दरवाजे का दरवाजा तोड़ दिया। फिर उसे गली में खींच लाए और जमकर पीटा। जिसके बाद बाकरगंज चौकी पर सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो शमशेर के घर का नजारा देख वो हैरान रह गए। दरअसल, शमशेर का घर करीब सौ वर्ग गज जगह में बना है। घर के अंदर कमरे सीलन भरे हैं। सामान अस्त व्यस्त पड़ा मिला। एक कमरे में दीवार पर स्केच से भूतिया तस्वीर बना रखी है। इसके अलावा कमरे की पूरी दीवारों पर अपराध और खौफनाक खबरों की कटिंग लगा रखी हैं।

घर में कई जगह छोड़ रखा था करंट
इसके एलावा शमशेर ने कमरे के डीवीडी और सीडी का रिफ्लेक्टर बनाकर दीवार के बीच में अपनी तस्वीर लगा रखी है। इसके साथ ही कंडेंसर का सर्किट बनाकर पूरे घर में कई जगह तारों में करंट छोड़ रखा था। छत के बीच कुंडे में भी रस्सी के सहारे बिजली का तार लटक रहा था। चेक किया गया तो उसमें भी करंट आ रहा था। ऐसा ही तीव्र करंट घर के मेन गेट पर अंदर से लगाए तार से जा रहा था। वहीं लोगों का कहना है कि सिरफिरा शमशेर शायद खुद भी करंट के शॉक लेता होगा। कुछ लोग इसे तंत्र साधना से जुड़ा मामला मान रहे थे।
अकेलेपन का शिकार है आरोपी शमशेर
पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि शमशेर की पत्नी उसे काफी समय पहले छोड़कर चली गई थी। एक छोटा भाई साथ रहता था। शमशेर ने उसे भी पीटकर निकाल दिया। कई साल से वह अकेला ही रह रहा है। इस वजह से पड़ोसियों का उसके घर आना-जाना नहीं है। इस वजह से लोगों को उसके घर की हालत का अंदाजा नहीं था। पिटाई के बाद वह अस्पताल में भी गुमसुम बैठा रहा। पुलिस और पत्रकारों के सवालों पर भी उसने कोई जवाब नहीं दिया।

पिता ने सामने से नहीं देखा था हिफ्जा का चेहरा
आपको बता दें कि हिफ्जा तबस्सुम और निजामुद्दीन की इकलौती बेटी थी। परिवार के लोगों ने बताया कि निजामुद्दीन जब सवा चार साल पहले सऊदी अरब में नौकरी करने गए तो तबस्सुम गर्भवती थी। उसके बाद से नहीं आए। वह वीडियो कॉल के जरिये ही बेटी को देखते और बात करते थे। मौत के बाद मां तबस्सुम का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि निजामुद्दीन सऊदी से भारत के लिए रवाना हो गए हैं।
साइको लग रहा है आरोपी शमशेर
वहीं इस पूरे मामले पर जब एक मनोवैज्ञानिक से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि घर की स्थिति देखकर ये कहा जा सकता है कि आरोपी में साइकोटिक के लक्षण हैं। इसमें मरीज सभी पर संदेह करता है। लोगों से बचना चाहता है। वह अपनी एक भयावह काल्पनिक दुनिया बना लेता है। उसे यह डर रहता है कि लोग उसे नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे लोग कई बार खुद को भी गहरी चोट पहुंचा लेते हैं। खुद को करंट लगाना भी इसमें शामिल है। खास बात ये है कि इस बात का उन्हें अहसास भी नहीं होता है।












Click it and Unblock the Notifications