बाराबंकी: सड़क के बीच बनी मजार आधी रात को हटाई, HC के आदेश के बाद योगी सरकार ने की कार्रवाई
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक स्थलों या सड़क पर बने धार्मिक स्थलों को हटाने के हाईकोर्ट के आदेश के बाद योगी सरकार ऐक्शन में आ गई है। इसी के तहत शनिवार रात को बाराबंकी में प्रशासन ने आपसी सहमति के बाद सड़क के बीचों-बीच बनी मजार को हटवा दिया। इस मजार को अब ईदगाह के पास शिफ्ट कर दिया जाएगा। बता दें, सरकार के आदेश के बाद फतेहपुर के एसडीएम पंकज सिंह ने शनिवार एक इमरजेंसी बैठक बुलाई थी, जिसमें नगर पंचायत फतेहपुर में मध्य रोड पर लगे पकरिया के पेड़ व पास में बनी मजार को हटाने के बारे में बताया गया और फिर इस पर सहमति कायम की गई। बैठक में कई लोग मौजूद रहे और यह तय हुआ कि मजार को वहां से हटाकर ईदगाह के पास शिफ्ट किया जाएगा। इस सहमति के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
Recommended Video

उत्तर प्रदेश सरकार ने सड़कों, गलियों और फुटपाथ पर धार्मिक किस्म की कोई संरचना या निर्माण की अनुमति नहीं देने के निर्देश देते हुए कहा है कि एक जनवरी 2011 और उसके बाद से इस तरह का कोई निर्माण कराया गया है तो उसे फौरन हटा दिया जाए। राज्य सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक, शासन द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि सड़कों (राजमार्गों सहित), गलियों, फुटपाथों, सड़क के किनारों, लेन आदि पर धार्मिक प्रकृति की कोई संरचना निर्माण की अनुमति कतई न दी जाए।
बाराबंकी के फतेहपुर कस्बे के मुख्य मार्ग और मुंशीगंज बाजार में सड़क के बीचों बीच सालों पुराने पकरिया पेड़ व मजार को हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट करने की कार्रवाई शनिवार को सभी की सहमति बाद देर रात शुरू की गई। एसडीएम पंकज सिंह ने बताया कि शासन द्वारा सार्वजनिक स्थलों व रास्तों से ऐसे स्थान व अतिक्रमण हटाए जाने का निर्देश है। बैठक में मौजूद सभी लोगों ने पेड़ व मजार हटाकर को दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर विकसित करने पर सहमति जताई। इसके बाद एसडीएम व सीओ की अगुवाई में पेड़ व मजार को हटाकर दूसरे स्थान पर शिफ्ट कराने की कार्रवाई शुरू हुई।












Click it and Unblock the Notifications