भाजपा सांसद बोलीं- जब आडवाणी और जोशी का टिकट काट दिया तो मैं तो दलित महिला हूं...
Barabanki news, बाराबंकी। बाराबंकी लोकसभा सीट से टिकट कटने के बाद से लगातार नाराज चल रहीं भाजपा सांसद प्रियंका सिंह रावत ने पार्टी पर निशाना साधा है। प्रियंका ने कहा, ''बीजेपी ने जब आडवाणी, जोशी और सुमित्रा महाजन जैसी हस्तियों के टिकट काट दिए तो मैं तो एक दलित महिला हूं, इसी बात की सजा मुझे दी गई है।'' उन्होंने कहा कि मेरा घर परिवार मेरी जनता है, मेरे स्वाभिमान को जो ठेस पहुंची, मैं उसे आप लोगों में महसूस करती हूं।

प्रियंका का टिकट काटकर उपेंद्र रावत को मैदान में उतारा
बता दें, बीजेपी ने बाराबंकी से प्रियंका सिंह रावत का टिकट काटकर जैदपुर से भाजपा विधायक उपेंद्र सिंह रावत को इस सीट से मैदान में उतारा है। वहीं, किसी दूसरी पार्टी या निर्दलीय लड़ने के सवाल पर साफ जवाब न देते हुए प्रियंका ने कहा कि वह किसी नकारात्मक सोच के आगे झुकने वाली नहीं हैं। उनके लिए कार्यकर्ता और जनता का सम्मान सर्वोपरि है, जैसा ये लोग चाहेंगे वैसा होगा।
ये भी पढ़ें: बाराबंकी लोकसभा चुनाव की विस्तृत कवरेज

बीजेपी विधायक पर लगाया आरोप
प्रियंका ने आगे कहा, ''मैंने हमेशा जनता के लिए लड़ाई लड़ी, लेकिन जिले के विधायक पार्टी की छवि को धूमिल करने का काम कर रहे हैं। मेरा टिकट पार्टी ने क्यों काटा, इस बात का कोई जवाब नहीं दे रहा है।'' प्रियंका सिंह रावत ने रामनगर से बीजेपी विधायक पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि वह जिले में अवैध कब्जे से लेकर तमाम गैर कानूनी काम कर रहे हैं। जब हमने उन्हें समझाया तो सारे विधायकों ने मिलकर मेरे खिलाफ गुटबाजी की और मेरा टिकट कटवा दिया।

निजी स्वार्थ में काम कर रहे हैं नेता
उन्होंने बीजेपी जिलाध्यक्ष पर भी आरोप लगाया कि वह भी पार्टी का नाम खराब कर रहे हैं। इन लोगों की वजह से लोकसभा चुनाव में पार्टी को नुकसान उठाना पड़ेगा। इन नेताओं को जनता से कोई मतलब नहीं, बल्कि सभी अपने निजी स्वार्थ में काम कर रहे हैं। क्षेत्र में पार्टी के नेताओं के खिलाफ आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। प्रियंका रावत ने कहा कि वह क्षेत्र की जनता के साथ हमेशा खड़ी रहेंगी और जिले का मान-सम्मान कभी घटने नहीं देंगी।












Click it and Unblock the Notifications