BKU अध्यक्ष नरेश टिकैत ने राजनाथ सिंह को बताया 'पिंजरे का तोता'
बाराबंकी। कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले में किसान महापंचायत की। इस महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत भी शामिल हुए। नरेश टिकेत ने किसानों को संबोधित करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बारे में बात करते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें पिंजरे का तोता बना दिया है। उन्होंने कहा, 'अगर सरकार राजनाथ सिंह को बात करने की आजादी दे, तो हमारी गारंटी है कि फैसला हो जाएगा, लेकिन यह सरकार जिद्दी है, सरकार को किसानों की बात सुननी चाहिए और अपना रवैया बदलना चाहिए।'

हैदरगढ़ रोड स्थित हरख चौराहे पर बुधवार को किसान महापंचायत का अयोजन किया गया था। किसान महापंचायत में नरेश टिकैत भी शामिल हुए। नरेश टिकैत ने कहा कि अगर सरकार राजनाथ सिंह को किसानों से बात करने की आजादी दे तो उनकी गारंटी है कि सारी समस्या का हल निकल आएगा। पूरे सम्मान से फैसला हो जाएगा और भाजपा की भी साख बची रह जाएगी। किसान राजनाथ सिंह का सम्मान करते हैं, लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से राजनाथ सिंह को मौका नहीं दिया जा रहा है।
पूर्वांचल के किसानों को करेंगे जागरुक: नरेश टिकैत
नरेश टिकैत ने कहा कि हर जिले में हमारी महापंचायत होगी, जिसमें किसानों को बताया जाएगा कि ये तीन कानून किस तरह से आने वाले दिनों में हमें अपना गुलाम बना लेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल का रास्ता बाराबंकी से खुलता है। ये पूर्वांचल की सफलता का द्वार है, इसलिए इसे खोलना बहुत जरूरी है। यहां का किसान अपने अधिकारों के प्रति जागरुक होगा तभी वह पूर्वांचल के किसानों को तीनों काले कानूनों के खिलाफ जागरुक करने में सफल होगा।












Click it and Unblock the Notifications