Barabanki: नाती की लाश के साथ 10 दिन से घर में रही थी नानी, रोज नहलाती और बदलवाती थी कपड़े..बदबू ने खोला राज
Barabanki News: रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से सामने आई है। यहां एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला बीते 10 दिनों से अपनी नाती की लाश के साथ रह रही थी। इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ, जब शव की दुर्गंध पूरे इलाके में फैलने लगी। बदबू आने पर लोगों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जैसे ही घर में घुसी तो अंदर का नजारा देखकर चौंक गई। बुजुर्ग महिला अपने नाती की लाश के पास बैठी हुई थी और लाश में कीड़े पड़े हुए थे। लाश काफी हद तक सड़ चुकी थी और उससे भयानक बदबू भी आ रही थी। पुलिस वालों ने जैसे ही ये नजारा देखा तो उन्हें उल्टी आ गई।

हालांकि, पुलिसकर्मियों ने खुद को संभाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीओ बीनू सिंह ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को भी इलाज के लिए भिजवाया। यह मामला बाराबंकी शहर के मोहारीपुरवा इलाके का है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार 26 जून की सुबह थाने में इलाके के कुछ लोगों ने फोन करके सूचना दी कि मोहरिपुरवा मोहल्ले में रहने वाली एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर से बदबू आ रही है। लोगों की सूचना पर शहर कोतवाल संजय मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जिस घर से दुर्गंध आ रही थी उस घर के अंदर दाखिल हुए।
पुलिस जैसे ही घर के अंदर दाखिल हुई तो नजारा देखकर दंग रह गई, क्योंकि घर के अंदर पूरी तरह सड़ चुकी लाश को 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला नहला रही थी। उस लाश से भयानक बदबू भी आ रही थी। बुजुर्ग महिला को देखकर लग रहा था कि शव के साथ रहने की आदी है।
पुलिस पूछताछ में इलाके के लोगों ने बताया कि यह शव बुजुर्ग महिला के नाति प्रियांशु का है। प्रियांशु के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी हैं। वह अपनी नानी के साथ यहां रहता था। अब उसकी मौत कैसे हुई इस बारे में किसी को कुछ पता नहीं है। पुलिस ने शव को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस दौरान पुलिस को पता चला कि बुजुर्ग महिला मनोरोगी है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। सीओ डॉ. बीनू सिंह ने बताया कि बुजुर्ग महिला ने बस इतना बताया कि उसके नाती कि 10 दिन पहले मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल मामले में जांच जारी है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बुजुर्ग महिला के कितने पुत्र पुत्री हैं। किन हालात में वृद्धा यहां अपने नाती के साथ रह रही थी। इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि यह भी संज्ञान में आया है कि महिला का दूसरा विवाह हुआ था। इसके परिजन लखीमपुर में रहते हैं। मोबाइल नंबर पर सूचना दे दी गई है। उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। ताकि इस घटना के संबंध में उनका बयान लिया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications