बाराबंकीः आधा किलो मछली के लिए भाई ने सगे भाई को काटा
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मामूली विवाद के चलते एक भाई ने सगे भाई को मौत के घाट उतार दिया। बीते सोमवार की रात को हुई इस पूरी घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हत्या के बाद आरोपी फरार है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह पूरी घटना बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के चिरैया गांव की है।

पहले ग्रामीणों ने मामले को कराया था शांत
चिरैया गांव निवासी दुर्गा प्रसाद और उसके बड़े भाई राम आसरे अलग-अलग रहते हैं। सोमवार की शाम को दुर्गा प्रसाद के बेटे राजकुमार और राम आसरे का बेटा मुन्नन ने तालाब से मछली पकड़ी थी। दोनों के बीच मछली के बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद केवल आधे किलो मछली के बंटवारे का था। दोनों चचेरे भाइयों के बीच विवाद में शाम के वक्त उनके पिता के बीच भी झगड़ा हुआ। हालांकि गांव के लोगों ने मामले को शांत करा दिया।

बांके से किया हमला
रात के वक्त करीब 9 बजे फिर से दुर्गा प्रसाद और राम आसरे के बीच झगड़ा शुरू हुआ। इससे आक्रोशित दुर्गा प्रसाद अपने बेटों और रिश्तेदारों के साथ राम आसरे के घर पहुंच कर हमला बोल दिया। इस दौरान दुर्गा प्रसाद ने राम आसरे को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। जब दुर्गा प्रसाद का इससे भी मन नहीं भरा तो उसने पास में ही रखे बांके से लगातार हमला कर दिया।

पिता को बचाने के दौरान बेटी भी घायल
पिता को बचाने आई बेटी खुशबू भी घायल हो गई। गंभीर हालत में राम आसरे को अस्पताल लेकर परिजन पहुंचते की तब तक उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

पुलिस ने हत्या का मुकदमा किया दर्ज
मृतक राम आसरे के बेटे ने पिता के हत्या के मामले में अपने चाचा दुर्गा प्रसाद, उनके बेटे राजकुमार और विष्णु के साथ-साथ गांव के एक रिश्तेदार रामविलास के खिलाफ तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने चारों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि हत्यारोपी फरार हैं, उनकी तलाशी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications