NPR-NRC लाए तो यहीं शाहीन बाग खड़ा कर देंगे, बाराबंकी में ओवैसी ने दी चेतावनी
बाराबंकी, 22 नवंबर: कृषि कानूनों की वापसी के बाद अब सीएए कानून को भी वापस लेने की मांग जोर पकड़ने लगी है। एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को चेतावनी दी कि अगर सरकार एनपीआर, और एनआरसी कानून लाएगी तो हम एक और नया 'शाहीन बाग' खड़ा कर देंगे। बता दें, नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग में काफी दिनों तक विरोध प्रदर्शन चला था, जिसमें हजारों लोग धरने पर बैठे थे।

Recommended Video
ओवैसी ने दी दूसरा शाहीन बाग खड़ा करने की चेतावनी
ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार को दूसरा शाहीन बाग खड़ा करने की चेतावनी दी है। ओवैसी ने कहा, ''अगर वह एनपीआर, एनआरसी कानून बनाएंगे, तो हम सड़कों पर उतरेंगे और एक और शाहीन बाग सामने आएगा।'' हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी से सीएए वापस लेने की अपील भी की।
पीएम मोदी से की सीएए को निरस्त करने की अपील
ओवैसी ने कहा, ''मैं पीएम मोदी, बीजेपी से सीएए को कृषि कानूनों की तरह निरस्त करने की अपील करता हूं क्योंकि यह संविधान के खिलाफ है... अगर वे एनपीआर, एनआरसी कानून बनाएंगे, तो हम सड़कों पर उतरेंगे और एक और शाहीन बाग यहां आएगा।'' इससे पहले ओवैसी ने रामपुर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी को सबसे बड़ा अभिनेता बताया।
ओवैसी ने पीएम मोदी को बताया नौटंकीबाज
उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी देश के सबसे बड़े नौटंकीबाज हैं और गलती से राजनीति में आ गए, वरना बेचारे फिल्म इंडस्ट्री वालों का क्या होता, सारे अवार्ड तो मोदी जी ही जीत जाते।'' ओवैसी ने कहा कि तीन कृषि कानूनों को वापस लेने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा, ''मेरी तपस्या में कमी रह गई, उससे साफ तौर से जाहिर हो रहा है कि आखिर हमारे देश के प्रधानमंत्री कितने बड़े ऐक्टिंगबाज हैं।''












Click it and Unblock the Notifications