UP Ballia News: मगई नदी पर बन रहे पुल का स्लैब गिरा, जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित
UP Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में मगई नदी पर बन रहे पुल का स्लैब रविवार को देर शाम अचानक धराशाई हो गया। संयोग अच्छा था कि इस दौरान वहां पर कोई कर्मचारी या मजदूर मौजूद नहीं थे नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मामले की जानकारी होने के बाद जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी द्वारा इस मामले में जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया गया है। गठित की गई कमेटी द्वारा जांच किए जाने के बाद रिपोर्ट मिलने पर उसी के आधार पर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, बलिया जनपद के फेफना विधानसभा अंतर्गत फिरोजपुर गांव में मगई नदी पर 8.15 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण कराया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी सरकार में यह पुल स्वीकृत हुआ है और साल 2021 से इसका निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ है।
बताया जा रहा है कि सेतु निगम की तरफ से यह कार्य कराया जा रहा है। रविवार देर शाम पुल के निर्माण का बंद कर मजदूर तथा सभी कर्मचारी अपने घर चले गए थे। इसी बीच अचानक पुल का 50 फीट लंबा स्लैब धराशाई हो गया। जिस समय स्लैब गिरा उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलने पर सोमवार को सेतु निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जांच की, इसके अलावा यह भी कहा गया कि स्लैब गिरने का कारण जानने और घटना की जांच के लिए लखनऊ से एक टीम भी बलिया आएगी।
वहीं इस मामले को जिलाधिकारी द्वारा गंभीरता लिया गया। बलिया के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा इस मामले की जांच के लिए एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, एक्सईएन आरईडी और एई डीरडीए की कमेटी गठित की गई है। जिलाधिकारी का कहना है कि यह घटना अधिकारियों की लापरवाही के चलते हुई या फिर भ्रष्टाचार के कारण हुई है, इसे लेकर जांच कराई जा रही है।
यह भी बताया गया की जांच पड़ताल होने के बाद रिपोर्ट मिलने पर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुल का स्लैब गिरने की घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications