Lok Sabha Election 2024: बलिया में सपा प्रत्याशी सनातन पांडेय के खिलाफ FIR, डीएम को लेकर दिया विवादित बयान
Ballia Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सनातन पांडेय द्वारा दिए गए एक बयान के बाद उनके ऊपर मुकदमा दर्ज किया गया है।
सनातन पांडेय के खिलाफ कोतवाली में सिविल लाइन चौकी इंचार्ज माखन सिंह द्वारा तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

दरअसल, INDIA गठबंधन द्वारा बलिया लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की टिकट पर सनातन पांडेय को उम्मीदवार बनाया गया है। शनिवार को सनातन पांडेय बलिया पहुंचे। बलिया पहुंचने पर उन्होंने मीडिया कर्मियों से बात की।
यह भी बता दें कि उन्होंने 2019 लोकसभा चुनाव के बाद परिणाम में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में धांधली किए जाने का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर उन्होंने कहा कि यदि इस बार कुछ ऐसा होता है तो काउंटिंग सेंटर से या तो मेरी लाश निकलेगी या तो कलेक्टर की लाश निकलेगी।
उनके द्वारा दिए गए इसी बयान के आधार पर चौकी प्रभारी माखन सिंह द्वारा तहरीर दी गई। माखन सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया है कि बलिया सपा कार्यालय पर अपने संबोधन के दौरान उन्होंने वर्तमान सरकार के कार्यकाल व कार्यों को लेकर टिप्पणी की।
समाज के विभिन्न वर्गों के मध्य शत्रुता, घृणा व वैमनस्य सम्प्रवर्तित करने एवं आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन प्रक्रिया में असम्यक असर डालने वह जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्य निर्वहन में बाधा एवं क्षतिकारित करने से संबंधित वक्तव्य दिया।
इस मामले में चौकी प्रभारी द्वारा दी गई तहरीर में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धाराओं का उल्लंघन किए जाने का जिक्र करते हुए मुकदमा पंजीकृत करते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। इसी आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications