BJP नेता दयाशंकर सिंह को मंत्री बनने की अग्रिम बधाई देने वाला थानेदार लाइन हाजिर, Video हुआ था वायरल
बलिया, 08 मार्च: बलिया जिले की सदर सीट से बीजेपी उम्मीदवार दयाशंकर सिंह को जीत की अग्रिम बधाई देने और मंत्री बनने की बात कहने पर दुबहर थाना प्रभारी मुसीबत में पड़ गए हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद थाना प्रभारी राज कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी ने रविवार को बताया था कि जिले के दुबहर थाने के प्रभारी राज कुमार सिंह ने बलिया सदर सीट से भाजपा उम्मीदवार दयाशंकर सिंह को कथित रूप से जीतने और कैबिनेट मंत्री बनने की अग्रिम शुभकामना दी थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक होने के बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए थे।

पुलिस उपाधीक्षक (शहर) भूषण वर्मा मामले की जांच कर रहे थे। जांच में वीडियो सही मिलने के बाद मंगलवार को राज कुमार सिंह के उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसपी राज करन ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह अतुल कुमार मिश्र को दुबहर थाने का नया प्रभारी नियुक्त कर दिया गया है।
बता दें, सोशल मीडिया थाना प्रभारी राज कुमार सिंह का वीडियो वायरल हो गया था। वीडियो में थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह को कैबिनेट मंत्री बनने की शुभकामना देते हुए थाना प्रभारी साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो में थाना प्रभारी यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं, 'सर मैं आपका एसएचओ हूं। आपको कैबिनेट मंत्री की शुभकामना देते हुए एस्कॉर्ट करने चल रहा हूं पहली बार।'












Click it and Unblock the Notifications