Nikay Chunav 2023: बलरामपुर में फिर दहाड़े योगी! कहा: 'अब बहन और बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ नहीं"
बलरामपुर पहुंचे CM YOGI ने अपनी डबल इंजन की सरकार के कार्यों को गिनाते हुए ट्रिपल इंजन की सरकार के फायदे भी गिना दिए। साथ ही माफियाओं और गुंडों को उन्होंने एक बार आड़े हाथ लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों प्रदेश भर में निकाय चुनाव को लेकर दौरे पर निकले हुए हैं। ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने में उन्होंने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में आज यानी शुक्रवार को सीएम योगी ने बलरामपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपने प्रत्याशी को जीत दिलाने की अपील के साथ-साथ विपक्षी दलों, गुंडों और माफियाओं को भी आड़े हाथ लिया।

'माफिया पहले लूटते थे, फिर छाती चौड़ी करके चलते थे'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उन्हे गोंडा से देवीपाटन मंदिर पहुंचने में 4 घंटे लगते थे। वहीं पिछले दिनों नवरात्र के पहले दिन वे मात्र 45 मिनट में गोंडा से मंदिर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि आप सोचिए कि वह कौन लोग थे, जो सड़क, बिजली, गरीबों के आवास, नाले, गलियों का सारा पैसा हड़प जाते थे। ऐसे माफिया को आज हमने जेल के अंदर बंद करके रखा है। यही माफिया पहले लूटते थे और फिर छाती चौड़ी करके चलते थे, लेकिन आज गले में तख्ती लटका कर जान की भीख मांग रहे हैं।

50 वर्षों से लंबित सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना को किया पूरा
सीएम योगी ने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में बिना भेदभाव के हर गरीब को मकान, बिजली कनेक्शन, उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस का कनेक्शन उपलब्ध करवाया जा रहा है। 15 करोड़ लोगों को फ्री में राशन, 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख प्रति वर्ष स्वास्थ्य बीमा का कवर और नौजवान के लिए रोजगार की व्यवस्था की जा रही है। जबकि पहले माफिया नौजवानों को बहलाकर उनके हाथों में तमंचे पकड़वा देते थे। हमने कहा कि नौजवानों के हाथ में तमंचा नहीं टैबलेट होना चाहिये।

नौजवान को दो करोड़ टैबलेट
हमने माफिया को जेल के अंदर किया और नौजवान को दो करोड़ टैबलेट देने का काम डबल इंजन की सरकार कर रही है। सीएम योगी ने कहा कि आज भारत बदल रहा है। यहां इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बड़े-बड़े कार्य हो रहे हैं। प्रदेश में एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज और बड़े-बड़े संस्थान बन रहे हैं। इतना ही नहीं, 50 वर्षों से लंबित सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना को डबल इंजन की सरकार ने पूरा किया। यहां पर हमने मां पाटेश्वरी के नाम पर एक विश्वविद्यालय देने का भी काम किया है।

डबल इंजन के साथ जब ट्रिपल इंजन जुड़ जाएगा
सीएम योगी ने कहा कि देवीपाटन कमिश्नरी के बारे में क्या कोई सोचता था कि यहां तीन-तीन मेडिकल कॉलेज बनेंगे। आज बहराइच और गोंडा में इसका निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जबकि बलरामपुर में हॉस्पिटल का कार्य पूरा हो गया है। श्रावस्ती में एयरपोर्ट निर्माण कार्य अंतिम चरणों में चल रहा है। सीएम ने कहा कि प्रदेश में विकास की यह गति ठहरनी नहीं चाहिए। इसके लिए डबल इंजन के साथ जब ट्रिपल इंजन जुड़ जाएगा तो विकास कार्यों की रफ्तार और तेज हो जाएगी।

बहन और बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ नहीं
सीएम ने कहा कि याद करिये वर्ष 2017 के पहले नगरिया क्षेत्रों में कूड़े के ढेर होते थे, शहरों में शोहदों का आतंक होता था। इसकी वजह से बेटी, बहन बाजार और स्कूल नहीं जा पाती थी। उस समय व्यापारियों से रंगदारी वसूली जाती थी। आज कोई रंगदारी वसूली करेगा तो उसको मालूम है कि फिर क्या हो जाएगा। किसी बहन और बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता। आज प्रदेश के शहर स्मार्ट सिटी और सेफ सिटी में बदल रहे हैं। व्यापारियों के लिए व्यापारिक कल्याण बोर्ड की स्थापना की जा रही हैं।

Recommended Video

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के लिए बने संकट मोचक
सीएम ने कहा कि प्रदेश में नई-नई नगर पालिकाओं का गठन हो रहा है। आपके यहां दो नगर पंचायत का सीमा विस्तार हुआ है। सीएम ने कहा कि जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है, वहीं हमारा मिशन है। उन्होंने 9 वर्षों के अंदर देश की पूरी तस्वीर बदल कर रख दी। पहले दुनिया में धारणा थी कि भारत का विकास नहीं होगा, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तस्वीर बदली है। आज भारत का नागरिक कहीं जाता है तो उसे दुनिया में सम्मान की निगाहों से देखा जाता है। आज दुनिया के अंदर कहीं संकट होता है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संकट मोचक, संकट निवारण के रूप में देखा जाता है।












Click it and Unblock the Notifications