यूपी: PPE किट पहने शख्स ने राप्ती नदी में फेंक दिया शव, वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर, मई 30: उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण भले ही थमने लगा है, लेकिन लोगों की लापरवाही भारी पड़ सकती है। नदियों किनारे शवों के दफनाने को लेकर रोक लगी तो अब लोग नदियों में ही शवों को फेंक दे रहे हैं। ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला बलरामपुर से सामने आया है, जहां परिजनों ने कोरोना संक्रमित व्यक्ति के शव को तुलसीपुर हाईवे पर स्थित राप्ती नदी के सिसई घाट से नदी में फेंक दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया कि मामले में महामारी अधिनियम के तहत केस दर्ज करा दिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Recommended Video

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एडीएम एके शुक्ल ने मामले की जांच सीएमओ को सौंपी थी। सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि जांच में यह बात सामने आई है कि सिद्धार्थ नगर के शोहरतगढ़ में रहने वाले प्रेम नाथ मिश्रा को बीते 25 मई को सांस लेने में दिक्कत हुई थी। उनके भतीजे संजय कुमार ने प्रेम नाथ को इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान 28 मई को प्रेम नाथ की मौत हो गई। 29 मई की दोपहर प्रेमनाथ का शव भतीजे संजय कुमार ने कोरोना प्रोटोकॉल के तहत प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि शव को घर ले जाते समय पीपीई किट पहने हुए संजय कुमार और उसके उसके साथी ने बारिश के बीच शव पुल से राप्ती नदी में फेंक दिया और मौके से भाग निकले। इस पूरी घटना का वहां कार से गुजर रहे कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। इस मामले में देहात कोतवाली में संजय कुमार और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत केस दर्ज करा दिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications