Leopard Attack: मादा तेंदुए के हमले में 5 लोग गंभीर घायल, 3 दिन पहले ले चुकी है एक बच्ची की जान
जंगल के पास बसे इलाकों में अक्सर जंगली जानवरों के हमले की ख़बरें सामने आती रहती हैं। आज भी बलरामपुर में एक तेंदुए के हमले में 5 किसान गंभीर घायल हो गए। वहीं 2-3 दिन पहले भी एक बच्ची की हमले में मौत हो गई थी।

बलरामपुर सुहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बरहवा रेंज के ग्राम पंचायत खैराहनिया में सोमवार को खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर तेंदुए ने हमला कर पांच ग्रामीणों को घायल कर दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और तत्काल मौके पर वन विभाग की टीम भेज दी गई है जो तेंदुए की तलाश में जुट गई हैं। बता दें कि तेंदुए के हमले में गुरुवार को एक बच्ची की मौत हो गई थी।

खेत में काम कर रहे किसानों पर तेंदुए का हमला
घटना उस वक्त हुई जब खैराहनिया गांव में श्रवण कुमार नाम का एक युवक खेत में मिट्टी निकाल रहा था, तभी झाड़ियों में अपने शावकों के साथ बैठी मादा तेंदुए ने 20 वर्षीय श्रवण कुमार पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर खेत में काम कर रहे इंद्र, ओमप्रकाश, मारगठु, कर्ता राम उसे बचाने के लिए दौड़े। तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर गांव वाले भी मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक तेंदुआ जंगल की तरफ भाग निकला।

तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाया गया पिंजरा
घायलों को सामुदायिक केंद्र शिवपुरा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। वहीं डीएफओ डॉ सैम मारन एम ने बताया कि मौके पर क्षेत्रीय वन अधिकारी एम बक्स सिंह के साथ उनकी टीम गांव में भेजी गई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने का भी निर्देश दिया गया है। वहीं ग्रामीणों को जंगल के आसपास के क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदुए या उसके शावकों को देखे जाने पर उसकी जानकारी तत्काल वन विभाग की टीम को दें।

Recommended Video

तेंदुए के हमले में 7 वर्षीय बच्ची की हुई मौत
वहीं दूसरी तरफ भाबर रेंज के कुसमा और गांव में गुरुवार को अपनी बड़ी बहन के साथ बाजार गई 7 वर्षीय रागिनी को तेंदुए ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उसे इलाज के लिए बहराइच रेफर किया गया था, लेकिन उसकी इलाज से पहले ही मौत हो गई। तेंदुए के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications