बीजेपी MLA ने अपनी सरकार पर उठाए सवाल, आउटसोर्स भर्ती में 2-2 लाख रुपये की वसूली का लगाया गंभीर आरोप
Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट में लांजी से भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे अपनी सरकार से नाराज हैं। उन्होंने प्रेस वार्ता करके आउटसोर्स भर्ती में आवेदकों से दो-दो लाख रुपये मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक कर्राहे ने सरकार से अधिकृत आउटसोर्स भर्ती कंपनियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले की शिकायत मुख्यमंत्री मोहन यादव से की है और इस मामले को वे विधानसभा में उठाएंगे।
विधायक कर्राहे ने जानकारी दी है कि सरकारी विभागों में गुजरात और राजस्थान की कंपनियों के प्रतिनिधि, युवा बेरोजगारों से 2-2 लाख रुपये लेकर आउटसोर्सिंग के जरिए भर्ती करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अवैध वसूली के बाद भी कर्मचारियों को पूरी सैलरी नहीं मिलती और सैलरी से 6 से 8 हजार रुपये तक काट लिए जाते हैं।

आउटसोर्स भर्ती में भ्रष्टाचार
कर्राहे के मुताबिक उनके विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण और जनसंपर्क कार्यालय में आए आवेदकों ने शिकायत की है कि आउटसोर्स भर्ती में उनसे मोटी रकम मांगी जा रही है। उन्होंने कहा कि ठेकेदारी प्रथा के तहत स्कूल, स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा विभाग में पहले ही आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती हो चुकी है, और अब राजस्व एवं महिला बाल विकास विभाग में भी भर्ती होनी है। कर्राहे ने यह भी कहा कि नियुक्ति के बाद कंपनियां कर्मचारियों को पूरा वेतन नहीं देतीं, बल्कि काटकर भुगतान करती हैं।
मोहन यादव से जांच की मांग
भाजपा विधायक कर्राहे ने आरोप लगाया कि आउटसोर्स कंपनियां बिचौलियों के माध्यम से युवाओं की सूची तैयार करती हैं। जब सौदा तय हो जाता है, तो ऑनलाइन आवेदन जमा कराए जाते हैं। जो आवेदक इंटरव्यू के दौरान पैसे देने को तैयार होते हैं, उनकी ही नियुक्ति की जाती है। कर्राहे ने कहा कि वे इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से मिलकर जांच की मांग करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications