बागपत: फैक्ट्री से लाखों की जींस लूट ले गए बदमाश, रुपयों के हाथ तक नहीं लगाया
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में लूट की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां हथियार बंद बदमाशों ने दो कर्मचारियों को बंधक बनाकर एक फैक्ट्री पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने यहां से रुपया पैसा नहीं, बल्कि लाखों रुपए कीमत की जींस लूट ली। पुलिस के मुताबिक लूटे गए माल की कीमत आठ लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। लूट की ये वारदात बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, बागपत जिले के चमरावल रोड़ पर महिला थाने से चंद कदमों की दूरी पर एक जींस बनाने वाली फैक्ट्री है। मंगलवार की देर रात आधा दर्जन से ज्यादा हथियार बंद बदमाशों ने फैक्ट्री पर धावा बोल दिया और वहां मौजूद कर्मचारियों को बंधक बना लिया। फिर बदमाशों ने वहां तैयार रखी 8 लाख रुपए से ज्यादा की कीमत वाली जींस एक मिनी ट्रक में भर ली, जिसे वो अपने साथ लेकर आए थे। इस दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों से कोई रुपया पैसा भी नहीं मांगा। लिहाजा साफ था कि वे जींस लूटने के मकसद से ही वहां आए थे।
लूट की घटना का पता सुबह चला जब फैक्ट्री के अन्य वर्कर अपनी शिफ्ट के लिए वहां पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। महिला थाने के पास हुई इस घटना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया और खुद सीओ सदर मय फोर्स मौके पर जा पहुंचे। बागपत के सदर सीओ ओमपाल सिंह के मुताबिक फैक्ट्री के कर्मचारियों ने पूछताछ में बताया कि वारदात को देर रात 2 बजे अंजाम दिया गया। इस दौरान पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन नंबर नहीं मिला। सीओ सदर के मुताबिक इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications