UP News: युवक को किडनैप कर 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने वाले बदमाशों को पुलिस ने मारी गोली, गिरफ्तार
UP News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में युवक का अपहरण करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तीनों बदमाश 25-25 हजार रुपए के इनामी बताए जा रहे हैं। इन बदमाशों ने बीते दिनों एक युवक का अपहरण कर लिया था और उसे छोड़ने के लिए 50 लाख रुपए की डिमांड की थी।
हालांकि वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने अपहृत युवक को कार से बरामद करते हुए कुछ आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया था। वहीं शुक्रवार को एनकाउंटर में घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, बीते 17 सितंबर को नसीरपुर गांव से मोहम्मद ताहिर नामक युवक का अपहरण हुआ था। अपहरण कर्ताओं द्वारा ताहिर के परिजनों को फोन कर 50 लाख रुपए की डिमांड की गई थी। ताहिर के परिजनों ने अपहरणकर्ताओं से कई बार बातचीत किया उसके बाद मामला 25 लाख पर तय हुआ था।
इस मामले में अपहरणकर्ताओं के खिलाफ ताहिर के परिजनों द्वारा निजामाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। ताहिर को पुलिस ने बीते दिनों एक कार से बरामद कर लिया और कार सवार लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया था। वहीं इस घटना में शामिल बदमाश फरार थे, जिनको पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगाई गई थी।
बताया जा रहा है कि मोहम्मद ताहिर के अपहरण की योजना शहनाज बानो और अली शेर नामक युवक ने मिलकर बनाई थी। इस योजना में शहनाज बानो और अली शेर के अलावा रामाशीष यादव, शिवम यादव, फैसल और शाह कमर आदि बदमाश भी शामिल थे।
आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा बताया गया कि अपहरण के मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम द्वारा जांच पड़ताल की जा रही थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें मोहम्मद फैसल, शिवम यादव और रामाशीष यादव के पैर में गोली लगी। उन्होंने अभी कहा कि पकड़े गए बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनसे पूछताछ किए जा रही है। घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की भी तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications