यूपी सीएम योगी ने आजमगढ़ का नाम 'आर्यमगढ़' करने के दिए संकेत
आजमगढ़, 13 नवंबर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज यानी शनिवार (13 नवंबर) को आजमगढ़ जिले में विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार अपने नौजवानों के लिए स्मार्ट फोन और टैबलेट लेकर आ रही है। उत्तर प्रदेश का नौजवान अब स्मार्ट नौजवान बनेगा। इस दौरान सीएम योगी ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में आजमगढ़ का नाम बदलकर आर्यमगढ़ किया जा सकता है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा, '2014 के पूर्व आजमगढ़ के लोगों को कहीं बाहर रहने के लिए कमरा नहीं मिलता था। इसके पीछे आजमगढ़ का होना प्रमुख कारण था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब आजमगढ़ को आतंक का गढ़ नहीं कहा जाता है।' सीएम ने कहा कि राज्य विश्वविद्यालय पूरी तरह से आजमगढ़ की पहचान के संकट को खत्म कर देगी। आजमगढ़ के विकास को लेकर सरकार ने एक्सप्रेस-वे बनाया। यह एक्सप्रेस आजमगढ़ के विकास में रीढ़ बनेगा। एयरपोर्ट का काम भी 95 प्रतिशत पूरा हो गया है, जल्द ही आजमगढ़ एयरपोर्ट से उड़ान भी शुरू हो जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि 2007 में यहीं मुझ पर हमला हुआ था। शिब्ली पीजी कॉलेज में अजीत राय की हत्या इसलिए कर दी गई कि उसने गणतंत्र दिवस पर वंदेमातरम का गान करने की मांग की थी। वह विद्यार्थी परिषद का सदस्य था। यह सब पूर्ववर्ती सरकार में हुआ है लेकिन आज की सरकार में किसी में ऐसा करने की हिम्मत नहीं है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा के दौरान सपा मखिया और आजमगढ़ सांसद अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि कोरोना काल में आप के सांसद आप के बीच नहीं आए लेकिन चुनाव का वक्त आते ही नजर आने लगे हैं।
Recommended Video
महाराजा सुहेल देव के नाम पर होगा यूनिवर्सिटी का नाम
आज़मगढ़ यूनिवर्सिटी का नाम महाराजा सुहेल देव के नाम पर होगा। अमित शाह ने कहा आज़मगढ़ की यूनिवर्सिटी का नाम महाराजा सुहेल देव के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने अमित शाह का सुझाव मंजूर करते हुए आज़म गढ़ के विश्वविद्यालय का नाम महाराजा सुहेलदेव के नाम पर घोषित करने का राज्य सरकार की ओर से ऐलान किया।












Click it and Unblock the Notifications