आजमगढ़ में इंसाफ मांग रहे युवक को SP ने जड़ा थप्पड़, Video वायरल, प्रियंका का योगी सरकार पर वार
आजमगढ़, 15 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक नाबालिग के साथ रेप के बाद उसे सड़क पर फेंक दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के साथ परिजन थाने का चक्कर लगाते हुए अपनी शिकायत दर्ज कराने एसपी कार्यालय पहुंचे। पीड़ित परिजन एसपी से अपनी शिकायत कर जैसे ही बाहर आए वहीं कुछ लोग विरोध करने लगे। एसपी आजमगढ़ खुद गाड़ी से उतरे और गाड़ी रोकने वाले को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद उसे पकड़कर सीओ कार्यालय तक ले गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक बार फिर यूपी पुलिस की किरकिरी हो गई। वहीं, विपक्ष के नेताओं ने इसको लेकर सरकार पर हमले शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूछा, ये कहां का न्याय है?
Recommended Video

आठ साल की लड़की से रेप कर सड़क पर फेंका, मौत
मामला आजमगढ़ जिले के रौनापार थाने का है। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि उनके परिवार की आठ साल की लड़की का रेप कर उसे सड़क पर फेंक दिया गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार और कुछ ग्रामीणों के साथ शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचा, जहां उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। परेशान होकर पीड़ित परिवार न्याय की आस में एसपी ऑफिस पहुंचा।
एसपी ने पीड़ित परिवार के युवक को जड़ा थप्पड़
एसपी के यहां शिकायत करके जैसे ही वो लोग बाहर आए तो कुछ लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसपर आजमगढ़ के एसपी भड़क गए और पीड़ित पक्ष के एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इस दौरान परिवार के अन्य लोग उसे छोड़ देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन एसपी साहब नहीं रुके। वीडियो में एसपी कहते सुनाई दे रहे हैं, ''इतनी मार मारूंगा कि तुम्हें ठीक कर दूंगा।'' इसके बाद एसपी साहब युवक को कॉलर पकड़कर बीच सड़क से होते हुए ऑफिस ले जाते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
आजमगढ़ के एसपी की इस हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद यूपी पुलिस के रवैये पर फिर से सवाल उठने लगे। यूजर्स ने जमकर आलोचना की। वहीं, विपक्षी दलों के नेताओं ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए सवाल पर हमला बोला। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक ट्वीट में कहा, ''क्या इस गरीब परिवार को न्याय का कोई हक नहीं है? मुख्यमंत्री जी आपका प्रशासन न्याय मांगने पर पीट क्यों रहा है? मंत्री के बेटे को तो आप वीआईपी ट्रीटमेंट देते हो और जब गरीब एक 10 साल की बच्ची के बलात्कार और हत्या की शिकायत लेकर पहुंचते हैं, तो उनको पीटते हो। ये कहां का न्याय है?''
वायरल वीडियो पर एसपी ने दी सफाई
एसपी आजमगढ़ ने बताया कि बुधवार को रौनापार थाना क्षेत्र के कुछ पुरुष और महिलाएं जन सुनवाई के दौरान उनसे मिले थे। उनकी जो एप्लीकेशन थी उस पर मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश तत्काल कर दिया गया था। जन सुनवाई के बाद जब वह बाहर निले तो उनकी गाड़ी के आगे एक कम उम्र का लड़का लेट गया, जिसके बाद कुछ लोग पत्थर मारने के लिए सामने आ गए। इसी के बाद उन्होंने गाड़ी से उतरकर युवक को गाड़ी के सामने से हटाकर उसे ऑफिस में लाकर पूछताछ करके कुछ देर बाद छोड़ दिया। इसमें कुछ लोगों ने राजनैतिक लाभ लेने के लिए इस तरह का ट्वीट किया है सोशल मीडिया पर, इसमें कोई सत्यता नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications