Samuhik Vivah Yojana: तीन बच्चों का बाप सामूहिक विवाह में बना दूल्हा, पर्दाफाश होते ही प्रशासन में हड़कंप
Samuhik Vivah Yojana Amroha Scam: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में सामूहिक विवाह समारोह के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। सरकारी योजना के तहत होने वाले इस विवाह कार्यक्रम में एक दूल्हा तीन बच्चों का पिता निकला। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद जब मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया, तो अफरा-तफरी मच गई।
मामले में संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दूल्हा-दुल्हन पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। शनिवार को अमरोहा के शिव इंटर कॉलेज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 233 जोड़ों की शादी होनी थी।

इनमें से 33 जोड़े समारोह में नहीं पहुंचे, जबकि 200 जोड़ों का विवाह विधि-विधान से संपन्न हुआ। इसी दौरान, एक युवती का दूल्हा शादी समारोह में नहीं पहुंचा, जिससे लड़की के परिजन परेशान हो गए। योजना का लाभ लेने के लिए उन्होंने एक अन्य व्यक्ति को दूल्हा बना दिया, जो पहले से शादीशुदा और तीन बच्चों का पिता था।
अतिथियों ने दी बधाई, बाद में हुआ खुलासा
समारोह में मौजूद सांसद कंवर सिंह तंवर, विधायक राजीव तरारा, सीडीओ अश्वनी मिश्रा सहित अन्य अतिथियों ने भी इस नकली जोड़े को आशीर्वाद दिया। शादी के बाद जब पूरे मामले का खुलासा हुआ, तो प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जांच में पता चला कि युवती बवनपुरा माफी गांव की रहने वाली थी और दूल्हा सलेमपुर गोंसाई गांव का निवासी था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत सचिव पल्लवी को निलंबित कर दिया और दूल्हा-दुल्हन के खिलाफ एफआईआर करने का आदेश जारी किया।
ऐसे पकड़ा गया फर्जी दूल्हा?
शादी समारोह खत्म होने के बाद जब प्रशासनिक अधिकारियों ने लाभार्थियों के दस्तावेजों की जांच की, तब फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पूछताछ में यह सामने आया कि युवती के परिजनों ने जानबूझकर इस व्यक्ति को दूल्हा बनाया ताकि सरकारी योजना का लाभ मिल सके।
जैसे ही मामला उजागर हुआ, प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और संबंधित अधिकारी पर गाज गिराई। सामूहिक विवाह योजना के तहत केवल अविवाहित जोड़ों को ही शादी करने की अनुमति होती है। ऐसे में पहले से शादीशुदा व्यक्ति का इस योजना में लाभ लेना सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है।
इस मामले के बाद अमरोहा प्रशासन ने सामूहिक विवाह योजना में कड़े नियम लागू करने का फैसला किया है। अब हर जोड़े के दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी और फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सीडीओ अश्वनी मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications