CM योगी की चेतावनी- दंगा किया तो 7 पीढ़ियां भुगतान करते-करते थक जाएंगीं, भरपाई नहीं हो पाएगी
अमरोहा, 22 सितंबर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर थे। गौतमबुद्धनगर में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं सद्भाव मंडप का उद्घाटन करते करने के बाद मुख्यमंत्री योगी हापुड़ पहुंचे। जनपद हापुड़ में लगभग 340 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद अमरोहा को 433 करोड़ की विभिन्न योजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। साथ ही दंगाइयों को चेतावनी दी कि अगर प्रदेश में दंगा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान या व्यापारिक प्रतिष्ठान को जलाओगे तो सात पीढ़ियां भुगतान करते-करते थक जाएंगीं, लेकिन भरपाई नहीं हो पाएगी।

दंगामुक्त प्रदेश का संकल्प अक्षरशः पूरा किया: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने हापुड़ में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है, जहां विकास और सुशासन के लिए जगह होगी, प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा की गारंटी होगी। नागरिकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने की छूट किसी को नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में दंगा नहीं होता। भय का वातावरण नहीं है, अराजकता-गुंडागर्दी नहीं है। हमने दंगामुक्त प्रदेश बनाने का जो संकल्प लिया था, उसे अक्षरशः पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी पहचान व्यक्तिगत नहीं हो सकती, देश की पहचान से बड़ी नहीं हो सकती। हर व्यक्ति को अपनी उपासना विधि को अपने अनुरूप आगे बढ़ाने की पूरी स्वतंत्रता है। राष्ट्रधर्म हमेशा सर्वोपरि होना चाहिए।
सीएम योगी ने दंगाइयों को दी चेतावनी
अमरोहा में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विकास ही हमारे जीवन में खुशहाली का कारण बनेगा। हम सभी को याद रखना होगा कि विकास के प्रोजेक्ट ही सुख व समृद्धि के कारण बनेंगे। विकास की परियोजनाओं के माध्यम से ही रोजगार, नौकरी की संभावनाएं आगे बढ़ेंगी। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में पिछले साढ़े 4 सालों में एक भी दंगा नहीं हुआ है। दंगाइयों को स्पष्ट चेतावनी है कि प्रदेश में दंगा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान या व्यापारिक प्रतिष्ठान को जलाओगे तो सात पीढ़ियां भुगतान करते-करते थक जाएंगीं, लेकिन भरपाई नहीं हो पाएगी।












Click it and Unblock the Notifications