Amroha news: सांप से खेलने की नासमझी पड़ी भारी, गले में डालकर जीभ पर डसवाया, वीडियो हुआ वायरल
Amroha news: अमरोहा के गजरौला के हैबतपुर गांव से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने सभी को चौंका दिया है। एक युवक ने सांप से खेलने की कोशिश में अपनी जान जोखिम में डाल दी। अब वह गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
यह घटना शुक्रवार शाम की है। गांव की एक टूटी दीवार के पास से सांप निकलने की खबर फैली। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पहले तो सांप को वहां से भगाने की कोशिश की लेकिन तभी गांव का जीतू उर्फ जितेंद्र वहां पहुंच गया और सबके सामने कुछ ऐसा कर गया जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।

जीतू ने बिना किसी डर के सांप को पकड़ा और उसे अपने गले में डाल लिया। यही नहीं वह सांप को अपनी जीभ के पास ले गया और उससे खेलने लगा। तभी अचानक सांप ने उसकी जीभ में डस लिया। यह देख वहां के लोग हैरान रह गए।
सांप डसने के बाद बिगड़ी हालत
सांप डसने के कुछ समय बाद ही जीतू की तबीयत बिगड़ने लगी। पहले उसे पास के सीएचसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे हाईवे किनारे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अस्पताल के आकस्मिक वार्ड में उसे भर्ती कराया गया है।
इस बारे में मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे जाने पर ग्राम प्रधान हैप्पी चौधरी ने बताया कि जीतू की स्थिति नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि सांप काफी जहरीला था। जीतू को अभी तक होश नहीं आया है और डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस खतरनाक हरकत का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस घटना पर हैरानी और नाराजगी दोनों जता रहे हैं। कुछ लोगों द्वारा कमेंट करते हुए कहा गया कि जीतू ने खुद से मुसीबत मोल ली है।
इतना ही नहीं इस मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सांप से खेलने के चलते जीतू अब जिंदगी और मौत से जूझ रहा हैं। जीतू के इस हरकत के बाद परिवार वाले काफी परेशान नजर आ रहे हैं।
पहले भी सामने आईं थी सांप से जुड़ी घटनाएं
अभी कुछ दिन पहले ही शाहबाद के एसडीएम कॉलोनी में लगातार चार दिन तक सांप और सपोले निकलने से लोग सहमे हुए थे। हालांकि, किसी तरह की चोट या डसने की खबर वहां नहीं आई थी। वह घटना भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।












Click it and Unblock the Notifications