दो बेटे एक बेटी, दस दिन तक कोठी में पड़ा रहा बुजुर्ग मां का शव
अमृतसर। अमृतसर के छेहरटा थानाक्षेत्र के बाबा दर्शन सिंह एवेन्यू स्थित एक कोठी में बुजुर्ग महिला का शव बरामद हुआ है। महिला की पहचान 60 वर्षीय सतपाल कौर के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि महिला परिवार से अलग अकेले रहती थी। उनके तीन बच्चे हैं। एक बेटा ऑस्ट्रेलिया में रहता है और दूसरा बेटा अमृतसर में ही अलग रहता है। बेटी की शादी हो चुकी है।

दस दिनों से फोन पर भी नहीं हुई बात
सतपाल के बेटे गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मां से फोन पर अक्सर संपर्क होता रहता था। पिछले दस दिन से फोन बंद होने के कारण कोई बात नहीं हो पाई थी, इसलिए वह गुरुवार को मां से मिलने के लिए घर आया। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर उन्होंने छेहरटा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कोठी का दरवाजा खोला तो अंदर से बदबू आ रही थी। कमरे में जाकर देखा तो मां का शव पड़ा हुआ था।
दिमागी रूप से थीं परेशान
एसीपी देवदत्त शर्मा के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बताया कि सतपाल कौर दिमागी रूप से भी काफी परेशान रहती थी। उसकी पारिवारिक सदस्यों से नहीं बनती थी, जिस कारण वह घर में अकेली रहती थी। शव सड़ चुका है और बदबू आ रही थी। आशंका जताई जा रही है कि सतपाल की मौत दस दिन पहले हुई होगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications