राहुल की बधाई के बाद स्मृति ईरानी ने किया ट्वीट, कही ये बड़ी बात
Amethi news, अमेठी। अमेठी लोकसभा सीट पर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के हार स्वीकार करने के बाद भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने बड़ी बात कही है। स्मृति ईरानी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'कौन कहता है आसमां में सुराख नहीं हो सकता...।' बता दें, उत्तर प्रदेश की हाईप्रोफाइल सीटों में से एक अमेठी इस वक्त खास चर्चा में है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस सीट पर रिजल्ट से पहले ही अपनी हार मान ली है। साथ ही केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को बधाई भी दे दी है।

भाजपा ने कांग्रेस का किला ढहाया
बता दें, अमेठी कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। 1967 से लेकर अब तक यहां सिर्फ दो बार ऐसा हुआ है जब कांग्रेस ने लोकसभा का चुनाव न जीता हो। वर्तमान में अमेठी लोकसभा क्षेत्र के अंदर पांच विधानसभा क्षेत्र (अमेठी, गौरीगंज, तिलोई, जगदीशपुर और सलोन) आते हैं। 2004 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से अपनी सियासी पारी का आगाज करने वाले राहुल यहां जीत की हैट-ट्रिक लगा चुके हैं।

'स्मृति ईरानी अच्छे से करें अमेठी की देखभाल'
प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जनता के फैसले का सम्मान करता हूं। बीजेपी ने और पीएम मोदी ने इस चुनाव में जीत दर्ज की है, उसके लिए मैं उनको बधाई देता हूं। अमेठी में जीत के लिए स्मृति ईरानी को बधाई देते हुए कहा कि वह अमेठी की अच्छे से देखभाल करें। राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद स्मृति ईरानी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'कौन कहता है आसमां में सुराख नहीं हो सकता...।'

वायनाड सीट पर जीते राहुल
बता दें, राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव मैदान में थे। उन्होंने यहां से 652,636 वोट से जीत दर्ज की है। सीपीआई पार्टी के पीपी. सुनीर को 391039 वोट मिले थे। वहीं, राहुल गांधी को 1043675 वोट मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications