मां-बेटी आत्मदाह केस: जामो थाने के एसएचओ समेत विवेचक दारोगा और दो सिपाही निलंबित
अमेठी। अमेठ जिले की एक महिला और उसकी बेटी ने शुक्रवार शाम को राजधानी लखनऊ स्थित विधानसभा के गेट नंबर 3 के बाहर खुद को आग लगा ली थी। अब इस मामले में एक्शन शुरू हो गया है। अमेठी के एसपी ने मां-बेटी के आत्मदाह के मामले में एसएचओ जामो के अलावा विवेचक दारोगा व दो सिपाही निलंबित कर दिया है। एसपी ने एएसपी को पूरे मामले की जांच सौंप दी है। साथ ही डीएम और एसपी देर रात पीड़ित परिवार के गांव जाकर मामले की जानकारी ली।

क्या है पूरा मामला
17 जुलाई की देर शाम राजधानी लखनऊ में लोकभवन के सामने उस समय हड़कंप मच गया, जब अमेठी की रहने वाली एक मां-बेटी धू-धूकर जलने लगीं और इधर-उधर भागने लगीं। इस दौरान सड़क पर वाहनों की रफ्तार रुक गई और लोग तमाशा देखने लगे। आग लगने के बाद मां-बेटी बुरी तरह झुलस गईं। पुलिस ने दोनों को फ़ौरन सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पीड़िताएं अमेठी के जामो थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। बता दें कि साफिया 80 प्रतिशत से अधिक जल गई है जबकि उसकी बेटी गुड़िया लगभग 20 फीसदी जल गई है।
नाली के विवाद में हुआ था झगड़ा
आरोप है कि दबंगों ने नाली को लेकर हुए विवाद में उनके साथ मारपीट की थी। दोनों जिला प्रशासन से लेकर हर जगह न्याय के लिए महीनों से चक्कर काट रही थीं लेकिन कोई कार्रवाई न होने के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल पुलिस उनके होश में आने का इंतजार कर रही है। घायल मां-बेटी की रिश्तेदार ने मीडिया को बताया कि करीब एक माह पूर्व नाली के विवाद में गांव के रहने वाले अर्जुन, भीम, मिलन और राजकरण ने उन लोगों को मारा-पीटा था। जिसकी शिकायत पुलिस और प्रशासन में पीड़िता ने की लेकिन न्याय नहीं मिला।
गुड़िया के खिलाफ दर्ज किया था मुकदमा
यह मामला बीते 9 मई का है। 9 मई को गुड़िया का अपने पड़ोसी अर्जुन साहू से नाली को लेकर विवाद हुआ था। गुड़िया की तहरीर पर जामो थाने में अर्जुन साहू समेत चार लोगों के खिलाफ 308 का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने विपक्षी अर्जुन साहू की तहरीर पर गुड़िया के खिलाफ 354 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। दो दिन पहले गौरीगंज सीओ अर्पित कपूर ने दोनों मां-बेटी का बयान भी दर्ज किया था। पुलिस द्वारा दूसरे पक्ष से दर्ज किए गए मुकदमे से मां-बेटी परेशान थीं और दोनों ने विधानसभा के सामने आत्मदाह करने का कदम उठा लिया।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications