हरियाणा: गृह मंत्री अनिल विज से बोली महिला- मैंने की है पति की हत्या, फांसी दो मुझे
अंबाला। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज सोमवार को अपने आवास पर लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। इस दौरान एक महिला वहां पहुंची खुद को फांसी देने की मांग करने लगी। जब उससे कारण पूछा गया तो बताया कि उसने अपने पति की हत्या की है। महिला ने एक चिट्ठी सौंपी जिसमें विस्तार से घटनाक्रम लिखा हुआ था। पुलिस ने चिट्ठी के आधार पर महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अंबाला के एसपी अभिषेक जरवाल के मुताबिक, दिवंगत सहायक पुलिस अधीक्षक की पत्नी सुनील कुमारी सोमवार को गृह मंत्री के आवास पहुंची थीं, मुलाकात के दौरान महिला ने उन्हें एक पत्र सौंपा, जिसमें उसने पति की हत्या की बात लिखी थी। पत्र के मुताबिक, 15 जुलाई 2017 को तत्कालीन एएसपी नशे में अपने घर पहुंचे और अनाप-शनाप बकने लगे। गिरने के बाद उन्हें उल्टी होने लगी तो महिला ने उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। गले में भोजन का कण शायद फंस गया।उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।
महिला ने बताया कि उसने इस घटना के बारे में किसी को नहीं बताया था, लेकिन उसे लग रहा है कि उसने अपरध किया है। अनिल विज ने कहा कि महिला ने उन्हें एक चिट्ठी सौंपी और अपराध के लिए फांसी की सजा की मांग की। महेश नगर थाने में आईपीसी की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) के तहत महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। एसपी ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर महिला थाने के हवाले कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications