हरियाणा में BJP विधायक के घर प्रदर्शन करने पर 17 किसानों के खिलाफ मुकदमा कराया गया
अंबाला। हरियाणा में भाजपा विधायक के आवास के बाहर प्रदर्शन करने के आरोप में 17 किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह मुकदमा अंबाला सिटी विधानसभा के भाजपा विधायक असीम गोयल की तरफ से कराया गया है। किसान-प्रदर्शनकारियों द्वारा राज्य के कई स्थानों पर लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान सत्तापक्ष द्वारा प्रदर्शनकारियों पर तोड़फोड़ एवं शांतिभंग के आरोप लगाए जा रहे हैं।

बीते रोज जब हरियाणा विधानसभा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बजट प्रस्तुत किया तो किसान-प्रदर्शनकारियों ने असंतुष्टि जताई। वहीं, भाजपा विधायक असीम गोयल के कथित किसान-विरोधी बयान को लेकर बीकेयू कार्यकर्ताओं व किसानों ने उनके घर के बाहर प्रदर्शन किया। उनका पुतला भी फूंका गया। इसी पर विधायक की ओर से कई किसानों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया। जिसमें 3 आरोपियों की पहचान मलकीत सिंह, जय सिंह और गुलाब सिंह के रूप में हुई। वहीं, किसानों के विरुद्ध कथित बयान पर असीम गोयल ने सफाई दी है।

भाजपा विधायक असीम गोयल का कहना है कि, उन्होंने विधानसभा में किसानों के खिलाफ कोई आपत्तिजनक बयान नहीं दिया है। गोयल ने कहा, ''अगर अब भी उन्हें लगता है कि मैंने उन्हें ठेस पहुंचाई है तो मुझे माफी मांगने में कोई संकोच नहीं होगा।' हालांकि, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज कराए गए केस पर उनकी प्रतिक्रिया नहीं आई।












Click it and Unblock the Notifications